
जाली नोटों के खिलाफ अभियान
रक्सौल में नागरिकों को जाली नोटों से बचाने के लिए वीरगंज में जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। नेपाल राष्ट्र बैंक, पुलिस और सरकार ने मिलकर यह पहल की है। बैंकों और बाजारों में असली नोट पहचानने के तरीके की जानकारी देने वाले बैनर लगाए जा रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
रक्सौल,एक संवाददाता। जाली और नकली नोटों के जरिए होने वाली धोखाधड़ी से नागरिकों को बचाने के लिए वीरगंज में एक विशेष जागरूकता अभियान का आगाज किया गया है। बाजार, परिवहन और खुदरा व्यापार में नकली नोटों के बढ़ते जोखिम को देखते हुए नेपाल राष्ट्र बैंक, नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल सरकार ने संयुक्त रूप से इस पहल की शुरुआत की है। अभियान के तहत बैंक, मुख्य बाजार, भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौराहों पर जागरूकता बैनर लगाए जा रहे हैं, जिनमें असली नोट की पहचान करने के तरीके समझाए गए हैं। इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ नेपाल राष्ट्र बैंक वीरगंज कार्यालय के निदेशक सुशील पौडेल और सहायक निदेशक संदेश ठाकुर ने जिला पुलिस कार्यालय पर्सा के एसपी सुदीपराज पाठक को जागरूकता बैनर सौंपकर किया।
इस अवसर पर निदेशक सुशील पौडेल ने कहा कि नकली नोटों के कारण न केवल आम नागरिक, बल्कि व्यापारी और सेवाग्राही भी ठगी का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे दैनिक लेनदेन के दौरान नोट के सुरक्षा मानकों जैसे कि वाटरमार्क , सुरक्षा धागा और अन्य पहचान चिह्नों की जांच करने की आदत डालें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना सामग्री और प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से इस अभियान को निरंतर जारी रखा जाएगा।वहीं, जिला पुलिस कार्यालय पर्सा के एसपी सुदीपराज पाठक ने बताया कि नकली नोटों के जरिए ठगी की शिकायतों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नागरिकों की सतर्कता ही इस अपराध पर अंकुश लगाने का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि यदि कहीं भी संदिग्ध नोट मिले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या बैंक को सूचित करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




