कुदाल से हमला कर पैक्स अध्यक्ष को किया घायल
चिरैया में रामपुर उतरी पैक्स के अध्यक्ष रामधनी यादव पर कुदाल से हमला किया गया। उनके छोटे भाई रामविनय यादव भी घायल हुए। यह घटना अतिक्रमण के विवाद के चलते हुई है, जिसमें गांव के कुछ लोगों पर आरोप हैं। दोनों को इलाज के लिए मोतिहारी रेफर किया गया है।

चिरैया, निज संवाददाता। गोदाम की ओर जा रहे रामपुर उतरी पैक्स के अध्यक्ष रामधनी यादव पर कुदाल से हमला कर जख्मी कर दिया गया है। बीच बचाव करने आए उनके छोटे भाई रामविनय यादव को भी मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया गया है। घटना मंगलवार को घटी है। जख्मी पैक्स अध्यक्ष व उनके भाई को परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से इलाज के लिए चिरैया सीएचसी में भर्ती कराया है। लेकिन दोनों की गम्भीर स्थिति को देखते हुए सीएचसी के डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया है। जहां सदर अस्पताल में दोनों घायलों का इलाज चल रहा है।
हमला कर मारपीट करने का आरोप गांव के ही कुछ लोगों पर लगा है। एक भूखण्ड पर वर्षों से गांव के कुछ लोगों का कब्जा था। जिसे अतिक्रमणमुक्त करा पैक्स अध्यक्ष द्वारा उसी भूमि पर पैक्स गोदाम का निर्माण कराया जा रहा है। जिसके कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। घायल पैक्स अध्यक्ष ने बताया कि इसी प्रतिशोध में उन पर जानलेवा हमला किया गया है। मामले को लेकर उन्होंने अभी आवेदन पत्र नहीं दिया है। वैसे घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि आवेदन पत्र मिलते ही एफ आई आर दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


