सिलेंडर से लगी आग में मां, बेटा और बेटी झुलसे; भाई-बहन की हालत नाजुक, 90 परसें जला सन्नी
नाश्ता बनाने के दौरान गैस लीक होने से चूल्हे में आग पकड़ ली। इससे मां, बेटा और बेटी कमरे में फंस गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़े।

Patna News: पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के खास महल इलाके में लगी आग में मां और बेटा-बेटी झुलस गए। नाश्ता बनाते वक्त गैस रिसने से चूल्हे में लगी आग घर में फैल गई। झुलसी अवस्था में मां पूनम देवी (32) बेटा सन्नी कुमार (14) और अंजनी कुमारी (11) तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। कड़बाग स्थित एक निजी अस्पताल में सभी का इलाज चल रहा है। सन्नी कुमार और अंजनी कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है।
अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि कंट्रोल रूम को सुबह 8.40 बजे आग की सूचना मिली थी। दमकल के मौके पर पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने आग पर काबू कर लिया था। पोस्टल पार्क के खास महल रोड संख्या-दो में शंभू शरण अग्रवाल का एक मंजिला मकान है। इसमें एक पंक्ति में आठ कमरे बने हुए हुए हैं। इनमें से एक कमरे में मूलरूप से जहानाबाद के घोसी निवासी राजेश कुमार केसरी परिवार के साथ रह रहे हैं। वह ऑटो चलाते हैं। उनके परिवार में पत्नी पूनम देवी, बेटा सन्नी कुमार और बेटी अंजनी कुमारी हैं।
घटना के बारे में पड़ोसी संजय कुमार ने बताया कि राजेश केसरी का परिवार एक कमरे में रहकर गुजारा करता है। गुरुवार की सुबह पांच बजे राजेश ऑटो चलाने चले गए थे। इसी बीच सन्नी कोचिंग और अंजनी कुमारी स्कूल जाने की तैयारी कर रही थी। मां पूनम देवी सुबह करीब 8.15 बजे बच्चों के लिए नाश्ता तैयार कर रही थी। कमरा छोटा होने से दरवाजे के बगल में ही गैस चूल्हा पर खाना बनाया जाता था।
नाश्ता बनाने के दौरान गैस लीक होने से चूल्हे में आग पकड़ ली। इससे मां, बेटा और बेटी कमरे में फंस गए। गेट पर आग जलने से तीनों कमरे से बाहर नहीं निकल पाए। उनकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़े। लकड़ी से गैस सिलेंडर को कमरे से बाहर निकाल स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग को बुझाया। इससे पहले मां, बेटा और बेटी तीनों काफी जल चुके थे।
पहले पीएमसीएच ले गए लोग
स्थानीय लोग निजी गाड़ी से तीनों को पीएमसीएच ले गए। स्थित गंभीर होने से परिजनों ने तीनों को कंकड़बाग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां, सभी का आईसीयू में इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक सन्नी कुमार 90%, अंजनी कुमारी 80% जबकि मां पूनम देवी 25% झुलस गए हैं। उधर स्थानीय जनों की सूचना पर दमकल की टीम पहुंची और घर में लगी आग पर काबू पाया। परिवार काफी गरीब है जिससे इलाजमें भी दिक्कत आ रही है।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

