तीन बच्चों को गले में फंदा लगा मार डाला, फिर खुद भी झूल गई मां; क्यों किया ऐसा
पीड़ित परिजनों के अनुसार बबीता ने पहले अपने बच्चों आठ वर्षीय रिया कुमारी, छह वर्षीय सुरज कुमार और तीन वर्षीय सुजीत कुमार को फांसी पर लटका कर उनकी जान ले ली। इसके बाद खुद भी फांसी के फंदे से लटककर जान दे दी

बिहार में एक मां ने अपने तीन बच्चों के साथ फांसी लगा ली है। इस घटना से सभी लोग हतप्रभ हैं।पूर्णिया जिले के रौटा थाना क्षेत्र की मुगरा पियाजी पंचायत के कीलपाड़ा गांव की एक महिला ने मंगलवार की रात अपने तीन मासूम बच्चों के साथ फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका कीलपाड़ा निवासी रवि कुमार शर्मा की 27 वर्षीय पत्नी बबीता देवी थी। पीड़ित परिजनों के अनुसार बबीता ने पहले अपने बच्चों आठ वर्षीय रिया कुमारी, छह वर्षीय सुरज कुमार और तीन वर्षीय सुजीत कुमार को फांसी पर लटका कर उनकी जान ले ली। इसके बाद खुद भी फांसी के फंदे से लटककर जान दे दी।
मृतक के पति रवि कुमार शर्मा ने बताया कि उसकी शादी नौ वर्ष पूर्व हुई थी। विगत कुछ वर्षों से पत्नी की मानसिक स्थिति खराब रहती थी। मंगलवार की रात लगभग सात बजे जब वह घर से कुछ दूरी पर स्थित काली मंदिर के प्रांगण में मंदिर से जुड़ी बैठक में थे। इसी बीच पत्नी ने फोन कर पूछा कि घर कितने बजे तक आइएगा, तो उसे बताया कि कुछ समय लगेगा। जब घर पहुंचे तो देखा कि दरवाजा बंद है। दरवाजा खटखटाया। परंतु अंदर से कुछ भी आवाज नहीं आयी। बाद में घर का दरवाजा तोड़ा तो पत्नी और बच्चों को फांसी के फंदे से लटका पाया।
ग्रामीणों के सहयोग से चारों के शव को फंदे से नीचे उतारा गया। सूचना पर पुलिस निरीक्षक इरशाद आलम एवं थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू की। मौके पर एफएससीएल की टीम को भी बुलाया गया। थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि मृतका की मां के फर्द बयान पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही स्थिति प्रकट हो पाएगी।


