
पटना के बिहटा में 392 किलो विस्फोटक जब्त, ‘ऑपरेशन जखीरा’ में 4 पकड़ाए
टीम ने छापेमारी की और मौके से बारूद, पोटास, गंधक, कोयला पाउडर, पटाखा खोल, तिल्ली, कॉटन धागा आदि सामग्री जब्त की। आईआईटी अम्हारा में प्राथमिकी दर्ज की गयी।
पुलिस ने ‘ऑपरेशन जखीरा’ के तहत भारी मात्रा में अवैध पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली विस्फोटक पदार्थ बरामद की है। 392 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई शनिवार देर रात आईआईटी बिहटा थाना क्षेत्र के तारानगर इलाके में की गई। गिरफ्तार लोगों में मो. अरमान आलम, मो. राजा, मो. आफताब उर्फ अली इमाम और मो. सोनू आलम उर्फ प्याजू शामिल हैं। सभी तारानगर, आईआईटी अम्हारा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

इनमें से दो लोगों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। बरामद सामग्री में पोटास 65.8 किलोग्राम, गंधक 7.5 किलोग्राम, कोयला पाउडर 5 किलोग्राम, पेपर निर्मित बीड़ी पटाखा का खोल 25.5 किलोग्राम, बीड़ी पटाखा का खोल कटिंग 55.5 किलोग्राम, रील पटाखा (5 पैकेट) 800 पीस, बीड़ी पटाखा (तैयार अवस्था में) 77.8 किलो और 13.5 किलो बीड़ी पटाखा का खोल पेपर शामिल है।
लकड़ी का ठेहा 2 पीस, पटाखे का बारूद 1.5 किलो, कॉटन का धागा 11.8 किलो, रील पटाखा रील 35.5 किलो, पटाखा की तिल्ली 65 किलो, बीड़ी पटाखा का खोल 16 किलो, रील पटाखा 5 किलो, रील पटाखा (बारूद भरा हुआ) 6.5 किलो, आग बुझाने वाला गैस सिलेंडर 1 पीस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि इन सामग्रियों का उपयोग अवैध रूप से पटाखा निर्माण में किया जा रहा था।
बारूद, पोटास, गंधक, तिल्ली, पटाखा खोल बरामद
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) पटना भानु प्रताप सिंह ने कहा कि अवैध विस्फोटक और पटाखा निर्माण की सूचना पर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने छापेमारी की और मौके से बारूद, पोटास, गंधक, कोयला पाउडर, पटाखा खोल, तिल्ली, कॉटन धागा आदि सामग्री जब्त की। आईआईटी अम्हारा में प्राथमिकी दर्ज की गयी।



