बिहार के 17 लाख से ज्यादा वोटर दूसरी जगह चले गए, पटना में कई जगह सभी मतदाता स्थानांतरित

Jul 17, 2025 07:07 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share Share
Follow Us on

पटना जिले के मोकामा स्थित रेलवे कॉलोनी के बूथ संख्या 157 के सभी 207 मतदाता स्थानांतरित हो चुके हैं। पटना के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी ने बिहार के सीईओ कार्यालय को सौंपी गई रिपोर्ट में स्थानांतरित मतदाताओं का ब्योरा दिया है।

बिहार के 17 लाख से ज्यादा वोटर दूसरी जगह चले गए, पटना में कई जगह सभी मतदाता स्थानांतरित

बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में 17 लाख 37 हजार 336 मतदाता एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो गए हैं। चुनाव आयोग के निर्देश पर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) विनोद सिंह गुंजियाल ने सभी जिलों में एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं की पूरी जानकारी रखने का निर्देश दिया है। आयोग द्वारा पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्राप्त होने वाले सभी आंकड़ों की जानकारी राजनीतिक दलों को भी सौंपी जाएगी। सीईओ कार्यालय के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में गणना फॉर्म जमा करने का कार्य लगभग पूरा हो गया है। शहरी क्षेत्र में गणना फॉर्म जमा कराने में चुनौती आ रही है। इसके लिए गुरुवार से शहरी क्षेत्रों में शिविर लगाकर गणना फॉर्म वितरण एवं जमा करने का निर्देश दिया गया है।

मोकामा की रेलवे कॉलोनी के सभी 207 मतदाता स्थानांतरित

पटना जिले के मोकामा स्थित रेलवे कॉलोनी के बूथ संख्या 157 के सभी 207 मतदाता स्थानांतरित हो चुके हैं। पटना के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी ने बिहार के सीईओ कार्यालय को सौंपी गई रिपोर्ट में स्थानांतरित मतदाताओं का ब्योरा दिया है। इसमें ऐसी ही स्थिति पटना के अन्य इलाकों में भी पाई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, दीघा स्थित बूथ संख्या- 28 के 330 मतदाता अटल पथ के निर्माण के कारण शिफ्ट हो चुके हैं।

वहीं, नकटा दियारा स्थित बूथ संख्या 213 का भाग सारण में शामिल होने के कारण 80 मतदाता शिफ्ट हो चुके हैं। अटल पथ के निर्माण के कारण बूथ संख्या 342 के 350 मतदाता एवं धोबी घाट के 227 मतदाता दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके हैं। बूथ संख्या 215 में शामिल 340 झुग्गी-झोपड़ी इलाके के मतदाता दूसरे स्थान पर चले गए हैं। सीईओ कार्यालय के अनुसार पूरे राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान एक-एक बिंदु पर गहन जांच की जा रही है।

बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने कहा कि शहरी क्षेत्र के सभी मतदाता ससमय गणना फॉर्म संबंधित क्षेत्र के बीएलओ से प्राप्त कर जमा कर दें अथवा ऑनलाइन गणना फॉर्म भर दें ताकि उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल हो जाए। प्रारूप मतदाता सूची के आधार पर ही अंतिम मतदाता सूची तैयार होगी।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें