
पटना में सरेआम सड़क पर छात्रा से छेड़छाड़, बात नहीं करने पर गला दबाने की कोशिश
छात्रा द्वारा बात से इनकार करने पर आनंद राज ने गाली गलौज के बाद छेड़खानी शुरू कर दी। पीछा करता हुआ आरोपित गर्ल्स हॉस्टल पहुंच गया और वहां जमकर हंगामा किया। डर से छात्रा ने उससे बात करने की कोशिश की तो युवक ने पीड़िता का फोन छीन लिया।
पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित हॉस्टल में रहने वाली छात्रा के साथ छेड़खानी की घटना सामने आई है। मोबाइल पर बात नहीं करने से नाराज युवक ने बाजार में सरेआम पीड़िता के साथ गाली गलौच और छेड़खानी की। वह पीछा करता हुआ छात्रा के हॉस्टल में चला गया और वहां भी हंगामा किया। पीड़ित की शिकायत पर कदमकुआं थाने में आनंद राज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
मूल रूप से खगड़िया निवासी छात्रा एक गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती है। 30 दिसंबर को वह क्लास कर रही थी। तभी उसके मोबाइल पर युवक आनंद राज ने फोन किया। क्लास में होने के कारण पीड़िता उससे बात नहीं कर सकी। क्लास खत्म होने के बाद छात्रा शाम 6.30 बजे बाजार में सब्जी खरीद रही थी। तभी वहां आरोपित युवक पहुंच गया और उसने पीड़िता से बात करने की कोशिश की।
छात्रा द्वारा बात से इनकार करने पर आनंद राज ने गाली गलौज के बाद छेड़खानी शुरू कर दी। पीछा करता हुआ आरोपित गर्ल्स हॉस्टल पहुंच गया और वहां जमकर हंगामा किया। डर से छात्रा ने उससे बात करने की कोशिश की तो युवक ने पीड़िता का फोन छीन लिया। छात्रा का आरोप है कि युवक ने उसे गोली मारने की धमकी के साथ ही गला दबाने की कोशिश की। आरोपित ने पीड़िता से कहा कि पुलिस-परिजन उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकते। लोगों के हस्तक्षेप के बाद युवक वहां से फरार हो गया। इस संबंध में पुलिस ने 31 दिसंबर को प्राथमिकी दर्ज की।





