"मालिक एक ही है, बाकी सब..." निशांत कुमार की 'ना' पर अनंत सिंह ने बता दिया कौन चलाएगा बिहार?

Jayendra Pandey लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

मोकामा विधायक अनंत सिंह ने कहा है कि बिहार की नई सरकार के असली 'मालिक' नीतीश कुमार ही रहेंगे। निशांत कुमार द्वारा पद ठुकराने पर उन्होंने कहा कि उन्हें विरासत संभालनी चाहिए थी। साथ ही, उन्होंने शराबबंदी को विफल बताते हुए इसे फिर से शुरू करने की मांग की, ताकि युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके।

"मालिक एक ही है, बाकी सब..." निशांत कुमार की 'ना' पर अनंत सिंह ने बता दिया कौन चलाएगा बिहार?

Bihar News: बिहार की सियासत में चेहरे बदल गए हैं, लेकिन क्या सत्ता का केंद्र भी बदल गया है? इस सवाल का जवाब मोकामा विधायक अनंत सिंह ने बेहद दोटूक अंदाज में दिया है। मीडिया से बात करते हुए अनंत सिंह ने स्पष्ट कहा कि भले ही नीतीश कुमार राज्यसभा चले गए हों और दिल्ली में हों, लेकिन बिहार के "असली मालिक" वही हैं। उनके अनुसार, नई सरकार नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और उनके विजन पर ही आगे बढ़ेगी।

"नीतीश कुमार कहीं नहीं गए, दिल्ली विदेश में नहीं है"

मुख्यमंत्री पद पर सम्राट चौधरी की ताजपोशी के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा, "नीतीश कुमार कहीं नहीं गए हैं। दिल्ली कोई विदेश में नहीं है कि वे दूर हो गए। वे भले ही राज्यसभा चले गए हैं, लेकिन मालिक वही रहेंगे। उन्होंने उन लोगों को काम सौंपा है जो बेहतर काम करने वाले हैं। सरकार उन्हीं के दिशा-निर्देशों पर चलेगी और इसमें किसी को कोई शक नहीं होना चाहिए।" अनंत सिंह का यह बयान उन अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश है जिसमें कहा जा रहा था कि भाजपा के मुख्यमंत्री बनने से नीतीश का प्रभाव कम होगा।

निशांत कुमार की 'जिद' पर बोले अनंत सिंह

नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार द्वारा जिम्मेदारी ठुकराने के सवाल पर अनंत सिंह ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि निशांत को बड़ी जिम्मेदारी (डिप्टी सीएम या एमएलसी) मिल रही थी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। अनंत सिंह ने कहा, “निशांत का कहना है कि वे पहले मेहनत करेंगे, फिर कुछ बनेंगे। बहुत लोगों ने उन्हें समझाया पर वे नहीं माने।” जब उनसे पूछा गया कि क्या निशांत अपने दम पर कुछ बनना चाहते हैं, तो अनंत सिंह ने अपने ठेठ अंदाज में कहा, "अपने दम पर क्या करेंगे? यह तो पागलपन ही होगा। उन्हें तो पार्टी में रहकर सबके साथ मिलकर चलना चाहिए था। अगर वे सबकी बात मानते और नीतीश कुमार की सीट संभालते, तो वह ज्यादा बढ़िया होता।" उन्होंने यह भी साफ किया कि उनकी व्यक्तिगत रूप से निशांत से कोई बात नहीं हुई है और वे उन्हें जानते भी नहीं हैं।

शराबबंदी पर फिर उठाए सवाल

अनंत सिंह ने एक बार फिर बिहार में शराबबंदी खत्म करने की अपनी पुरानी मांग को दोहराया। उन्होंने तर्क दिया कि शराबबंदी के कारण राज्य में 'सूखा नशा' (स्मैक और अन्य ड्रग्स) का चलन बढ़ गया है। उन्होंने कहा, "शराब बंद होनी चाहिए थी, लेकिन अगर अब यह खुल जाए तो ज्यादा ठीक होगा। छोटे-छोटे बच्चे सूखे नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं और स्मैकियर बन रहे हैं। इसे रोकना है तो विचार करना होगा।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।