बिहार के समस्तीपुर में दो लोगों को मारी गोली, भीड़ ने बदमाश को पीट-पीट कर मार डाला

Feb 12, 2026 07:02 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान, निज संवाददाता, दलसिंहसराय, समस्तीपुर
share

डीएसपी ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एहतियात के तौर पर गंज मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।

बिहार के समस्तीपुर में दो लोगों को मारी गोली, भीड़ ने बदमाश को पीट-पीट कर मार डाला

बिहार के समस्तीपुर जिले में बड़ी घटना हुई है। यहां दो लोगों को गोली मारकर भाग रहे बदमाशों में से एक बदमाश भीड़ की हत्थे चढ़ गया। भीड़ ने इस बदमाश को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। दलसिंहसराय में शहर के अनुमंडल अस्पताल रोड स्थित इंडियन बैंक के समीप बुधवार शाम करीब सात बजे बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह फायरिंग कर एक युवक और राहगीर महिला को गोली मार दी। वारदात के बाद आक्रोशित भीड़ ने भाग रहे बदमाशों में से एक को दबोचकर बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर हालत में पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव के बीच भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। देर रात घटनास्थल पर पहुंचे एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पूर्व के मुकदमे में गोली मारने की बात सामने आ रही है।

चश्मदीदों के मुताबिक, बेलबन्ना निवासी पप्पू पासवान बाइक से जा रहा था, तभी दूसरी बाइक पर सवार बदमाशों से उसकी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पप्पू के सीने में एक और पीठ में तीन गोलियां लगी हैं। उसे नाजुक हालत में रेफर किया गया है। वहीं, पास से गुजर रही अस्पताल रोड निवासी रमेश साह की पत्नी रेखा देवी की बांह में एक गोली लगी है। उनका इलाज स्थानीय निजी अस्पताल में हो रहा है। फायरिंग के बाद भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों में से एक, लोकनाथपुर गंज निवासी सन्नी कुमार (24) को भीड़ ने पकड़ लिया। उसके 2-3 साथी बाइक छोड़कर फरार हो गए।

उग्र भीड़ ने सन्नी की जमकर धुनाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे भीड़ से छुड़ाकर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि सदर अस्पताल ले जाने के क्रम में जख्मी सन्नी ने दम तोड़ दिया।

पुरानी रंजिश की आशंका, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटनास्थल से पुलिस ने चार खोखे बरामद किए हैं। साक्ष्य एकत्रित करने के लिए पटना से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। डीएसपी ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एहतियात के तौर पर गंज मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।

देर रात घटनास्थल पहुंचे एसपी, बोले- पूर्व के मुकदमे में दबाव बनाने को मारी गोली

शहर के गंज मोहल्ला स्थित अस्पताल रोड में बुधवार शाम हुई गोलीबारी की घटना के बाद एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने देर रात स्वयं मोर्चा संभाला। एसपी ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और इसके बाद जख्मियों के मोहल्ले में जाकर स्थानीय लोगों से घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कड़े निर्देश जारी किए।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पूर्व के मुकदमे को लेकर दबाव बनाने को लेकर गोली मारने की बात सामने आयी है। घटना में शामिल बदमाशों की पहचान कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिये पुलिस छापेमारी कर रही है। प्राप्त वीडियो से इस बात की संभावना है कि दो के अलावा अन्य बदमाश भी घटना में शामिल हो सकते हैं।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।