MLC संकट के बीच रामवचन से मिले बंशीधर ब्रजवासी, बोले- सिर्फ सम्राट सरकार को समर्थन दिया
एमएलसी पद पर आए संकट के बीच बंशीधर ब्रजवासी ने बुधवार को बिहार विधान परिषद के सभापति रामवचन राय से मुलाकात की। बंशीधर ने कहा कि उन्हें विधान परिषद से कोई नोटिस नहीं मिला है। निर्दलीय एमएलसी ने कहा कि उन्होंने भाजपा की सदस्यता नहीं ली, बल्कि वैचारिक रूप से एनडीए सरकार को समर्थन दिया है।

बिहार विधान परिषद चुनाव में निर्दलीय जीतकर दूसरी बार एमएलसी बने बंशीधर ब्रजवासी ने बुधवार को सदन के कार्यकारी सभापति रामवचन राय से मुलाकात की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में बंशीधर ने कहा कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता नहीं ली है, सिर्फ सम्राट सरकार को अपना समर्थन दिया है। निर्दलीय विधान पार्षद ने कहा कि उन्होने सरकार को भी अपनी शर्तों पर समर्थन दिया है। बंशीधर की विधान परिषद के कार्यकारी सभापति से मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब विपक्षी उनकी सदस्यता रद्द करने की मांग कर रहा है। जन सुराज पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल की ओर से रामवचन राय को निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी एवं राहुल राज की शिकायत कर अयोग्य ठहराने की मांग करते हुए ज्ञापन दे चुके हैं। इन पर निर्दलीय चुनाव जीतकर भाजपा की सदस्यता लेने का आरोप है।
कार्यकारी सभापति रामवचन राय से मिलकर पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी ने अपनी विधान पार्षदी पर कथित संकट की बात से नकार दिया। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें राजनीति के लिए सिर्फ मुद्दा चाहिए। सभापति से उनकी शिकायत पर बंशीधर ने कहा कि लोगों का काम है कहना, कहने दीजिए।
विधान परिषद से नहीं मिला नोटिस
बंशीधर ब्रजवासी ने स्पष्ट किया कि उन्हें विधान परिषद से किसी तरह का नोटिस नहीं मिला है। वह कार्यकारी सभापति से चुनाव जीतने के बाद आशीर्वाद लेने आए। इतने दिनों से चुनाव के चलते समय नहीं मिल पाया, इसलिए आज उनसे औपचारिक मुलाकात की।
बंशीधर ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें बुलाकर सम्मान दिया। सीएम के सामने उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं को रखा, जिसका सम्राट ने समाधान का आश्वासन दिया है। जल्द ही सरकार के स्तर पर घोषणाएं होंगी। इसलिए उन्होंने सरकार को सदन में समर्थन देने का फैसला लिया है।
चार साल सरकार को शर्तों के साथ समर्थन
तिरहुत स्नातक सीट से लगातार दूसरी बार निर्दलीय जीतकर विधान परिषद पहुंचे बंशीधर ने कहा कि वह एनडीए के वैचारिक सदस्य बने हैं। उन्होंने भाजपा की औपचारिक सदस्यता नहीं ली है। एमएलसी ने कहा कि उन्होंने सरकार का शर्तों के साथ समर्थन दिया है। शिक्षकों की मांगें पूरी करने का सरकार ने आश्वासन दिया है। बंशीधर ने यह भी कहा कि अगले चार साल बिहार में एनडीए की सरकार ही रहेगी। उसके बाद एनडीए के साथ रहना है या नहीं, वह आगे देखेंगे।
सदस्यता पर संकट को लेकर उन्होंने कहा कि यह काम सभापति पर छोड़ देना चाहिए। सभापति ही इसका फैसला करेंगे, उनका काम है। उन्होंने सरकार को समर्थन दिया है तो किसी बात डर नहीं है। सरकार अच्छा काम करती है तो साथ दे सकते हैं।
पहले कहा था भाजपा की सदस्यता ली, फिर पलटे बंशीधर
बंशीधर ब्रजवासी बीते शनिवार को पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में पहुंचे थे। उनके साथ सारण शिक्षक सीट से निर्दलीय एमएलसी बने राहुल राज भी मौजूद थे। दोनों ने मीडिया से बाततीच में भाजपा की सदस्यता लेने की बात कही थी। हालांकि, बंशीधर ब्रजवासी बाद में पलट गए और कहा कि उन्होंने भाजपा जॉइन नहीं की बल्कि सरकार को सदन में समर्थन दिया है।
बंशीधर और राहुल की सभापति से शिकायत
जन सुराज पार्टी और आरजेडी समेत विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन ने विधान परिषद के सभापति रामवचन राय से बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की शिकायत की है। विपक्ष का कहना है कि दोनों हालिया चुनाव में निर्दलीय जीतकर एमएलसी बने और उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली, जो दल बदल कानून का उल्लंघन है। विपक्ष ने दोनों की सदस्यता रद्द कर उन्हें अयोग्य ठहराने की मांग सभापति से की है।
भाजपा की सदस्यता पर्ची के साथ दिखे थे दोनों एमएलसी
पिछले सप्ताह जब बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज भाजपा कार्यालय पहुंचे थे, तब उनके पार्टी जॉइन करने की सूचना आई थी। दोनों का भाजपा कार्यालय में पार्टी की कथित सदस्यता पर्ची थामे फोटो आई थी। वे सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई भाजपा की बैठक में भी शामिल हुए थे। प्रदेश भाजपा की ओर से जारी बयान में पहले दोनों के पार्टी की औपचारिक सदस्यता लेने की बात कही गई। बाद में भाजपा ने इससे इनकार कर दिया और कहा कि दोनों ने सिर्फ समर्थन दिया है, सदस्यता नहीं ली।

