बिहार में शराब पीने के लिए रंगदारी की डिमांड, इनकार करने पर युवक की गोली मारकर हत्या

हिन्दुस्तान, निज संवाददाता, नवगछिया, भागलपुर
Follow us on Google News
share

कन्हैया रात नौ बजे खाना खाने के बाद कठेला में सड़क पर टहल रहा था। इसी दौरान ऋषभ अपने साथियों के साथ आया और युवक से शराब पीने के लिए रंगदारी मांगी। मना करने पर कुख्यात ने कमर से कट्टा निकाल लिया। युवक भागने लगा लेकिन बदमाशों ने उसे घेरकर गोली मार दी।

बिहार में शराब पीने के लिए रंगदारी की डिमांड, इनकार करने पर युवक की गोली मारकर हत्या

बिहार में पिछले कई सालों से पूर्ण शराबबंदी लागू है। लेकिन राज्य में शराब की खेप या शराबियों के पकड़े जाने की खबरें अक्सर सामने आती हैं। अब शराबबंदी वाले बिहार में शराब पीने के लिए ना सिर्फ रंगदारी मांगी गई बल्कि रंगदारी देने से इनकार कर एक युवक की हत्या भी कर दी गई। यह सनसनीखेज मामला भागलपुर जिले का है। यहां खरीक खाना क्षेत्र के कठेला में शनिवार की रात बदमाशों ने रंगदारी नहीं देने पर युवक को गोली मार दी। युवक की रविवार को इलाज के दौरान पटना में मौत हो गई। मृतक की पहचान खरीक बाजार निवासी विजय मोदी के 25 वर्षीय पुत्र कन्हैया कुमार मोदी के रूप में हुई। पुलिस ने वारदात के चार घंटे के अंदर ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

कन्हैया रात नौ बजे खाना खाने के बाद कठेला में सड़क पर टहल रहा था। इसी दौरान ऋषभ अपने साथियों के साथ आया और युवक से शराब पीने के लिए रंगदारी मांगी। मना करने पर कुख्यात ने कमर से कट्टा निकाल लिया। युवक भागने लगा लेकिन बदमाशों ने उसे घेरकर गोली मार दी। उसे मृत समझकर बदमाश दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। थाना से करीब 500 मीटर की दूरी पर वारदात की सूचना के बाद थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार और अपर थानाध्यक्ष मो. नसीम अंसारी घटनास्थल पर पहुंचे। घायल को इलाज के लिए खरीक सीएचसी भेजा। युवक को पेट में गोली लगी थी। उसे रेफर कर दिया गया।

रविवार को पटना में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने घटना के करीब चार घंटे के भीतर कठेला गांव स्थित एक बगीचा से ऋषव चौधरी और उसके साथी कठेला निवासी अभिनव चौधरी और पूर्वी घरारी निवासी मो. रहमान को देसी कट्टा, 13 कारतूस और चार खोखा के साथ गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि फिलहाल ऋषभ चौधरी समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। घायल की भाभी रूबी देवी के फर्द बयान पर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

थानाध्यक्ष पर चलाई थी गोली

ऋषभ चौधरी खरीक के तत्कालीन थानाध्यक्ष पंकज कुमार पर गोली चलाने समेत करीब एक दर्जन से अधिक अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने का आरोपी रहा है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।