पटना में आरजेडी विधायक के भाई की गोल्ड चेन बदमाशों ने झपटी, 11 दिन में दूसरी छिनतई
पटना के अतिव्यस्त इलाके में शुक्रवार सुबह सड़क पर टहल रहे आरजेडी विधायक राहुल कुमार के भाई रोहित के गले से बदमाशों ने गोल्ड चेन झपट ली। शहर में बीते 11 दिनों के भीतर ऐसी दूसरी घटना है।

बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक के भाई के गले से बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली। यह घटना कंकड़बाग के अति व्यस्त इलाकों में शामिल पंच शिवमंदिर के पास शुक्रवार की सुबह 8 बजे हुई। बदमाशों ने जहानाबाद के राजद विधायक राहुल कुमार उर्फ राहुल शर्मा के भाई रोहित कुमार के गले से सोने की चेन झपट ली। बाइक सवार बदमाशों ने उस समय घटना को अंजाम दिया, जब विधायक के भाई दोस्त के साथ टहलने निकले थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस बदमाशों के पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज को देख रही है। पटना में बीते 11 दिनों के भीतर ऐसी दूसरी घटना है।
कंकड़बाग सांईं मंदिर के पास पूर्व सांसद जगदीश शर्मा का मकान है। विधायक राहुल कुमार उनके बेटे हैं। शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे राहुल के भाई रोहित अपने दोस्त के साथ टहलने निकले थे। वे पंच शिवमंदिर के पहुंचे ही थे तभी बाइक सवार दो बदमाश हेलमेट लगाए वहां आए और पीछे बैठे बदमाश ने उनकी चेन झपट ली।
रोहित और उनके दोस्त ने बदमाशों को पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वे तेजी से बाइक से शालीमार स्वीट्स की ओर भाग निकले। सीसीटीवी फुटेज में पीछे बैठे बदमाश द्वारा रोहित के गले से चेन झपटते दिख रहा है। हालांकि दोनों हेलमेट पहने हुए हैं, इसीलिए उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला। ककड़बाग थाना प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
11 दिनों में ऐसी दूसरी घटना
पटना शहर में 11 दिनों में इस प्रकार की यह दूसरी घटना है। पारस अस्पताल के पीछे बदमाशों ने 4 मई की सुबह में नर्सिंग संस्थान में काम करने वाले दंपती से भी ऐसे ही लूट की थी। पति-पत्नी दोनों बाइक से संस्थान जा रहे था तभी दो बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें पारस अस्पताल के पीछे वाली गली में घेर लिया। पत्नी के गले से सोने की चेन छीन ली।
आसपास के लोगों ने विरोध किया था तो बदमाशों ने उनपर पिस्तौल तान दी थी। इस डर से कोई उन्हें पकड़ नहीं पाया था। हालांकि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर ली थी और बाद में उनकी गिरफ्तारी भी हुई और सोने की चेन भी बरामद की गई थी।
(पटना से प्रधान संवाददाता की रिपोर्ट)
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


