पटना में अपार्टमेंट में घुस कारोबारी को गोली मारी, फायरिंग करते हुए अटल पथ की ओर भागे बदमाश
दिलीप कुमार सिंह की बोरिंग रोड चौराहा स्थित कुमार टावर में एमपी इंजीकान कंपनी का दफ्तर है। उनकी कंपनी पुल, मकान व अन्य निर्माण कार्य के लिए गिट्टी, बालू, छड़ आदि की आपूर्ति करती है। शिवपुरी नाला कार्बन फैक्ट्री के पास वह जीएस इंकलेव अपार्टमेंट के फ्लैट 502 में रहते हैं।

पटना में शास्त्री नगर थाने के शिवपुरी नाला इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार की रात कंस्ट्रक्शन मटेरियल (छड़-गिट्टी) कारोबारी दिलीप कुमार सिंह (45) को गोली मार दी। गोली उनकी पेट के आरपार हो गई। घटना के वक्त कारोबारी कार्यालय से अपने फ्लैट में जा रहे थे। दिलीप कुमार को पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित रूबन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर के मुताबिक, उनकी हालत गंभीर है।
दिलीप कुमार सिंह की बोरिंग रोड चौराहा स्थित कुमार टावर में एमपी इंजीकान कंपनी का दफ्तर है। उनकी कंपनी पुल, मकान व अन्य निर्माण कार्य के लिए गिट्टी, बालू, छड़ आदि की आपूर्ति करती है। शिवपुरी नाला कार्बन फैक्ट्री के पास वह जीएस इंकलेव अपार्टमेंट के फ्लैट 502 में रहते हैं। वे कार्यालय से मंगलवार की रात करीब 10 बजे अपार्टमेंट में पहुंचे थे। वाहन से उतरने के बाद वे लिफ्ट की तरफ जा रहे थे। तभी घात लगाए दो बदमाशों ने कारोबारी से हाथापाई की। बाद में उन्हें गोली मार दी।
भागते समय भी फायरिंग की
गोली मारने के बाद अपराधी तीन-चार राउंड फायरिंग करते हुए बाइक से अटल पथ की ओर भाग गए। गोली की आवाज सुन आसपास के लोग एकत्र हुए और कारोबारी को अस्पताल पहुंचाया। मौके से पुलिस को दो खोखा मिले हैं। सूचना पर फुलवारी विधायक श्याम रजक अस्पताल पहुंचे और परिजनों से हाल-चाल जाना। सिटी एसपी दीक्षा ने कहा कि एफएसएल की टीम ने नमूने एकत्र किए हैं। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे से बदमाशों की पहचान की जा रही है।


