SBI का एटीएम उखाड़ स्कॉर्पियो पर लाद ले गए बदमाश, बिहार में यहां सुबह-सुबह कांड

Mar 09, 2026 09:10 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान, एक संवाददाता, मड़वन, मुजफ्फरपुर
share

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। सरैया सीडीपीओ गरिमा भी मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने शातिरों के छूटे मास्क, टोपी आदि जब्त कर फिंगरप्रिंट लिया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिसमें स्कॉर्पियो से एटीएम ले जाते हुए बदमाश दिखे हैं।

SBI का एटीएम उखाड़ स्कॉर्पियो पर लाद ले गए बदमाश, बिहार में यहां सुबह-सुबह कांड

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में करजा थाने के मड़वन स्थित एसबीआई की एटीएम को शातिरों ने शनिवार अहले सुबह उखाड़ लिया। शातिरों ने गैस कटर से वारदात को अंजाम दिया है। सायरन बजने पर आनन-फानन में एटीएम केंद्र के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे कर दिया। सभी नकाबपोश बदमाश स्कॉर्पियो से आए थे। घटना को अंजाम देने के बाद शातिरों ने एटीएम को स्कॉर्पियो पर लाद लिया और आराम से फरार हो गए। एटीएम में करीब डेढ़ लाख रुपये नकद था। एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में स्प्रे करने से पहले तक की वारदात कैद है। हालांकि, एटीएम केंद्र के बाहर दूसरी दुकान पर लगे सीसीटीवी में शातिरों की सारी करतूत दिख रही है।

रविवार की सुबह स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। सरैया सीडीपीओ गरिमा भी मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने शातिरों के छूटे मास्क, टोपी आदि जब्त कर फिंगरप्रिंट लिया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिसमें स्कॉर्पियो से एटीएम ले जाते हुए बदमाश दिखे हैं।

करजा थानेदार रामकृष्ण परमहंस ने बताया कि एटीएम में करीब डेढ़ लाख रुपये होने की जानकारी मिली है। हालांकि, सही राशि की जानकारी एटीएम कंपनी और बैंक अधिकारियों से ही मिल सकेगी। बताया कि पटना से एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और बारीकी से जांच की। पुलिस को आशंका है कि वारदात में एटीएम चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का हाथ हो सकता है। थानेदार ने बताया कि अन्य जिलों की पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है, फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शातिरों की पहचान की जा रही है।

वहीं, एटीएम कंपनी के प्रतिनिधि शिवम ने बताया कि मशीन में मौजूद सटीक राशि की जानकारी प्राप्त करने के बाद करजा थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इससे पहले भी 2023 में करजा स्थित बैंक ऑफ इंडिया की एटीएम काटकर लाखों रुपए की चोरी कर ली गई

एटीएम काटने वाले नूंह गिरोह को रिमांड पर लेने की तैयारी

मुजफ्फरपुर। जिले में पिछले कुछ साल से एटीएम काटकर कैश उड़ाने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। हाल ही में अररिया के जोकीहाट से गिरफ्तार गिरोह के चार शातिरों को अब पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी में है। इसके लिए जिला पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की है। उम्मीद है कि चारो से पूछताछ में कई वारदात की गुत्थी सुलझ जाएगी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ था कि जिले में हुई आधा दर्जन से अधिक एटीएम चोरी की घटनाओं के पीछे हरियाणा के नूंह गिरोह का हाथ था।

यह गिरोह देश के अलग-अलग राज्यों में जाकर पेशेवर तरीके से गैस कटर का इस्तेमाल कर एटीएम काटता था और चंद मिनटों में लाखों की नकदी लेकर फरार हो जाता था। जिला पुलिस अब रिमांड के दौरान इन बदमाशों से पूछताछ कर उनके स्थानीय नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच का सहारा ले रही है।

घटना के बाद जांच के दौरान वारदात वाली जगहों के मोबाइल टावर डंप डेटा और रास्तों में लगे कैमरों की मदद से अपराधियों की पहचान की जा रही है। अररिया पुलिस द्वारा पकड़े गए बदमाशों से मिले इनपुट के आधार पर जिला पुलिस अपनी कड़ियों को जोड़ रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिमांड पर पूछताछ के बाद कई अन्य अनसुलझी वारदातों से पर्दा उठ सकता है। पुलिस का दावा है कि पहचान करने के बाद गिरोह के बदमाशों को रिमांड पर लेकर पूछताछ में कई खुलासे हो सकते हैं। इससे एटीएम चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।