मंत्री दीपक प्रकाश ने MLC की शपथ ली, बिहार विधान परिषद पहुंच ही गए उपेंद्र कुशवाहा के बेटे

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने गुरुवार को एमएलसी पद की शपथ दिलाई। बिहार के पंचायती राज मंत्री पहली बार किसी सदन के सदस्य बने हैं। 

Minister Deepak Prakash MLC oath
बिहार विधान परिषद में दीपक प्रकाश को एमएलसी पद की शपथ दिलाते सभापति अवधेश नारायण सिंह

बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश एमएलसी बन गए हैं। राज्यपाल द्वारा बिहार विधान परिषद का सदस्य मनोनीत किए जाने के बाद गुरुवार को उन्होंने पद और गोपनीयता की शपथ ली। विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने उन्हें शपथ दिलाई। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) चीफ उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश पहली बार किसी सदन के सदस्य बने हैं। अब तक वह बिना विधायक या एमएलसी रहे ही मंत्री पद पर काबिज थे, जिससे सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से सवाल किया था। पिछले सप्ताह भाजपा एमएलसी देवेश कुमार ने इस्तीफा देकर दीपक के लिए सीट छोड़ दी थी।

दीपक प्रकाश अपने पिता उपेंद्र कुशवाहा के साथ गुरुवार को पटना स्थित बिहार विधान मंडल परिसर पहुंचे। यहां सभापति ने उन्हें विधान परिषद के सदस्य की शपथ दिलाई। इस दौरान बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा और लेशी सिंह समेत अन्य कई नेता मौजूद रहे।

शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत में दीपक प्रकाश ने कहा कि वह अब दोगुनी ऊर्जा के साथ बिहार और देश के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत एनडीए के सभी वरीय नेताओं का आभार भी जताया।

देवेश ने दीपक के लिए छोड़ी सीट

भाजपा के एमएलसी रहे देवेश कुमार ने पिछले दिनों विधान परिषद की सदस्यता से अचानक इस्तीफा दे दिया था। वह राज्यपाल द्वारा मनोनीत कोटे से एमएलसी थे। उनका कार्यकाल 16 मार्च 2027 तक था, लेकिन उन्होंने 8 महीने पहले ही त्याग पत्र दे दिया। सूत्रों के हवाले से बताया गया कि पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर देवेश ने दीपक प्रकाश के लिए अपनी एमएलसी सीट छोड़ दी। इस पर सियासत भी गर्माई।

इसके बाद, सम्राट चौधरी सरकार ने देवेश कुमार के इस्तीफे से खाली हुई विधान परिषद की सीट पर दीपक प्रकाश को मनोनीत करने का प्रस्ताव राज्यपाल के पास भेजा। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने इस पर सहमति दे दी। बुधवार को दीपक के मनोनयन की अधिसूचना भी जारी हो गई।

सुप्रीम कोर्ट ने पूछा था- मंत्री कैसे बने हुए हैं दीपक प्रकाश

उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश बिहार सरकार में रालोमो कोटे से मंत्री हैं। पहले वह नवंबर 2025 में तत्कालीन नीतीश कैबिनेट में शामिल हुए थे। फिर राज्य में नेतृत्व परिवर्तन के बाद सम्राट चौधरी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार में 7 मई 2026 को वह दोबारा मंत्री बने। दोनों बार बिना विधायक या एमएलसी बने ही दीपक प्रकाश को कैबिनेट में शामिल किया गया।

इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई। हाल ही में शीर्ष अदालत ने सम्राट सरकार से तीखा सवाल किया कि दीपक प्रकाश बिना किसी सदन के सदस्य रहे इतने लंबे समय से मंत्री पद पर कैसे काबिज हैं? कोर्ट में 27 अगस्त को मामले की अगली सुनवाई है। इससे पहले ही दीपक प्रकाश को एमएलसी बनाकर उनका मंत्री पद सुरक्षित कर लिया गया। बता दें कि कोई भी व्यक्ति बिना किसी सदन के सदस्य रहे अधिकतम 6 महीने तक ही मंत्री पद पर रह सकता है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsदीपक प्रकाश ने MLC की शपथ ली, विधान परिषद पहुंच ही गए उपेंद्र कुशवाहा के बेटे