बिहार के इन 4 शहरों में कब शुरू होगा मेट्रो दौड़ाने का काम, बिहार कैबिनेट ने 2024 में ही देी थी मंजूरी

हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार के चार शहरों में आखिर मेट्रो ट्रेन कब से दौड़ेगी? बिहार कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद भी अब तक इसपर काम शुरू नहीं हो सका है। दिलचस्प बात यह भी है कि इन शहरों में मेट्रो के रूट भी तय कर दिए गए हैं लेकिन मेट्रो चलाने की योजना बेपटरी होती दिख रही है।

Metro Train

बिहार के चार शहरों में मेट्रो निर्माण की रफ्तार दो साल बाद भी सुस्त है। रूट तय होने के बाद से मेट्रो की फाइल आगे नहीं बढ़ पा रही है। सर्वे और फिजिबिलिटी रिपोर्ट के बाद डीपीआर बनाई जानी थी। डीपीआर बनाने का काम कब शुरू होगा, इस पर नगर विकास विभाग के अधिकारी मौन हैं। ऐसे में इन चारों शहरों में मेट्रो चलाने की योजना बेपटरी होती दिख रही है। राज्य मंत्रिमंडल ने जून 2024 में मुजफ्फरपुर, गयाजी, दरभंगा और भागलपुर में मेट्रो रेल परियोजनाओं से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। उसके बाद राइट्स को सर्वे और फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेवारी दी गई। नवंबर 2024 तक राइट्स को रिपोर्ट देनी थी। जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के सुझाव के साथ राइट्स ने 16 फरवरी 2025 को नगर विकास विभाग को रिपोर्ट सौंप दी।

राइट्स ने सौंपने से पहले आम लोगों और जनप्रतनिधियों से बात की। उनसे फीडबैक लिया। जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संस्थाओं की ओर से आए सुझाव को रिपोर्ट में शामिल किया गया। उसके बाद प्रस्तावित रूट और अलाइनमेंट भी तय करके विभाग को बता दिया गया।

डीपीआर बननी शुरू नहीं

कैबिनेट की मंजूरी देते समय राज्य सरकार ने कहा था कि परियोजनाओं से संबंधित फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाई जाएगी। इस पर होने वाले खर्च में से केंद्र और राज्य सरकार 20-20 फीसदी खर्च करेंगी। शेष 60 फीसदी वित्तीय संस्थानों से लिया जाना था।

चारों शहरों में दो-दो रूट

चारों शहरों में मेट्रो के दो-दो रूट बनाए गए हैं। गयाजी में सबसे लंबा 36 किमी का मेट्रो रेल रूट चलाने का प्रस्ताव है। दरभंगा में सबसे छोटा 18.8 किमी मेट्रो रेल रूट तय किया गया है। इसके अलावा भागलपुर में 24 किमी और मुजफ्फरपुर में 21.25 किमी मेट्रो रूट का प्रस्ताव सर्वे के बाद बनाया गया है।

छोटे स्टेशनों पर काम जारी, पटना दानापुर में निर्माण की रफ्तार धीमी

इधऱ केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी अमृत भारत योजना के तहत पटना जिले के कई स्टेशनों का चयन हुआ है। छोटे स्टेशनों का इस योजना के तहत कायाकल्प हो रहा है, लेकिन जंक्शन और दानापुर स्टेशन को भव्य रूप में दिखने में समय लगेगा।

पटना जंक्शन पर का मास्टर प्लान तैयार करने के बाद हार्डिंग पार्क में सब अर्बन स्टेशन बनाने का काम शुरू कर दिया गया पर इसकी रफ्तार काफी धीमी है। फिलहाल चहारदीवारी और पिलर का काम ही दिख रहा है।

बदल रही बख्तियारपुर स्टेशन की तस्वीर, निर्माण कार्य अंतिम चरण में

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प तेजी से हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 अगस्त 2023 को देशभर के 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य का शिलान्यास किया था, जिसमें बख्तियारपु स्टेशन भी शामिल था। रेलवे अधिकारियों के अनुसार अधिकांश प्रमुख सिविल कार्य पूरे हो चुके हैं।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।