कटिहार में वंदे मातरम पर भारी विवाद, विधायक बोले- हिन्दुस्तान में यदि रहना है तो... शिक्षक ने माफी मांगी

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

स्कूल में में चेतना सत्र के दौरान राष्ट्रगीत को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब विद्यालय के कुछ शिक्षकों के बीच राष्ट्रगीत गाने को लेकर तीखी बहस और हंगामे की स्थिति बन गई।

कटिहार में वंदे मातरम पर भारी विवाद, विधायक बोले- हिन्दुस्तान में यदि रहना है तो... शिक्षक ने माफी मांगी

बिहार के कटिहार में एक सरकारी स्कूल में वंदे मातरम के गायन को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि जिला प्रशासन को दखल देना पड़ा। दो मुस्लिम शिक्षकों ने स्कूल में वंदे मातरम गाने का विरोध किया। बरारी विधायक भी इस विवाद में कूद पड़े। जांच के बाद बीडीयो ने कहा है कि आरोपी शिक्षक ने माफी मांग ली है। लेकिन, विधायक का कहना है कि राष्ट्रगीत का विरोध करने वालों की माफी नहीं चलेगी। हिन्दुस्तान में रहना है तो वंदे मातरम कहना होगा।

मामला बरारी प्रखंड अंतर्गत गुरूमैला पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय का है।स्कूल में में चेतना सत्र के दौरान राष्ट्रगीत को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब विद्यालय के कुछ शिक्षकों के बीच राष्ट्रगीत गाने को लेकर तीखी बहस और हंगामे की स्थिति बन गई।घटना की सूचना प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तक पहुंचने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय के शिक्षक मो०फरहान अंजुम एवं मो०अबू तालिब पर आरोप लगाया गया है कि 23 मई को विद्यालय परिसर में चेतना सत्र के दौरान जब राष्ट्रगीत गाया जा रहा था तब दोनों शिक्षकों ने इसका विरोध करते हुए राष्ट्रगीत गाने पर रोक लगाने की कोशिश की। आरोप है कि दोनों शिक्षकों ने यह कहते हुए हंगामा किया कि विद्यालय में राष्ट्रगीत नहीं गाया जाएगा। इस घटना के बाद विद्यालय के अन्य शिक्षकों विशेषकर हिन्दू शिक्षकों के साथ दोनों शिक्षकों की कहासुनी हो गई जो बाद में विवाद का रूप ले लिया।

विद्यालय के कुछ शिक्षकों द्वारा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि दोनों शिक्षकों ने गाली गलौज हाथापाई तथा दंगा कराने की धमकी भी दी। साथ ही विद्यालय के अन्य शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार करने की बात भी आवेदन में उल्लेखित की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार सिंह ने दोनों आरोपित शिक्षकों से दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।तो विभागीय कार्रवाई करते हुए निलंबन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि विद्यालय अनुशासन और राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “चाहे कोई भी हो दोषी पाए जाने वाले शिक्षक को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”घटना के बाद विद्यालय परिसर में चर्चा का माहौल बना हुआ है तथा स्थानीय लोगों में भी मामले को लेकर तरह तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।

इधर मामले को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। बरारी विधायक गर्म हो गए हैं। उन्होंने कहा है कि राष्ट्रगीत गाने का विरोध करना काफी अपत्तिजनक है। यह गलत काम नहीं है। राष्ट्रगीत का विरोध करना आपराधिक कृत्य है। ऐसे लोगों पर कार्रवाई आवश्यक है। ऐसे मामलों में माफी नहीं चलती। हिन्दुस्तान में रहना है तो वंदे मातरम और भारत माता की जय कहना होगा।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।