बिहार में मंत्री की ही हेल्थ चेकअप में हेराफेरी, बीपी गलत जांचने वाले डॉक्टर पर ऐक्शन

Feb 11, 2026 09:19 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान, संवाद सूत्र, बिहपुर, भागलपुर
share Share
Follow Us on

मंत्री ने मौजूद वहां एएनएम हेमा कुमारी से अपना ब्लड प्रेशर जांचने को कहा। जांच के दौरान मंत्री का रक्तचाप 190/150 पाया गया, जो अत्यधिक चिंताजनक स्थिति मानी जाती है। इसके बाद मंत्री कुछ देर तक सीएचसी परिसर में ही रुकी रहीं।

बिहार में मंत्री की ही हेल्थ चेकअप में हेराफेरी, बीपी गलत जांचने वाले डॉक्टर पर ऐक्शन

बिहार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह को सोमवार की देर रात 11 बजे अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हुई। इसके बाद वह भागलपुर जिले के बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचीं। मंत्री उस समय एनएच 31 के रास्ते पूर्णिया से पटना की ओर अपने वाहन से यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान तबीयत बिगड़ने पर वे बिहपुर सीएचसी पहुंचीं। मंत्री ने मौजूद वहां एएनएम हेमा कुमारी से अपना ब्लड प्रेशर जांचने को कहा। जांच के दौरान मंत्री का रक्तचाप 190/150 पाया गया, जो अत्यधिक चिंताजनक स्थिति मानी जाती है। इसके बाद मंत्री कुछ देर तक सीएचसी परिसर में ही रुकी रहीं।

इस बीच सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. सैफूल्ला ने मंत्री का दोबारा स्वास्थ्य परीक्षण किया। जिसमें उनका ब्लड प्रेशर 150/80 बताया गया। ब्लड प्रेशर की दोनों रिपोर्ट में भारी अंतर देख मंत्री असमंजस में पड़ गईं। इसके बाद उन्होंने पुनः एएनएम से ब्लड प्रेशर की जांच कराई, जिसमें एक बार फिर 190/150 रीडिंग आई। लगातार अलग-अलग रिपोर्ट आने पर मंत्री को संदेह हुआ और उन्होंने चिकित्सक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया। इसी दौरान मंत्री को लगा कि चिकित्सक नशे की हालत में हो सकते हैं। इस घटना से मंत्री काफी असंतुष्ट नजर आईं और कुछ देर बाद सीएचसी से रवाना हो गईं।

जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले की शिकायत मंत्री लेशी सिंह ने वरीय अधिकारियों से की। शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया। रात करीब पौने दो बजे बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा सीएचसी पहुंचे और संबंधित चिकित्सक की तलाश की, लेकिन डॉ. सैफूल्ला वहां नहीं मिले। मंगलवार को मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक विशेष टीम बिहपुर सीएचसी पहुंची। जांच टीम में नवगछिया के कार्यपालक दंडाधिकारी सुधीर कुमार, अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया के उपाधीक्षक डॉ. पिंकेश कुमार तथा उत्पाद विभाग के पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।

अधिकारियों ने सीएचसी पहुंचकर वहां के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुरारी पोद्दार समेत अन्य चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से पूछताछ की। जांच के दौरान भी चिकित्सक डॉ. सैफूल्ला सीएचसी में उपस्थित नहीं पाए गए। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। सूत्रों के अनुसार, मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने डॉ. सैफूल्ला से स्पष्टीकरण मांगा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बिहपुर सीएचसी के प्रभारी डॉ. मुरारी पोद्दार ने बताया कि जांच टीम अस्पताल आयी थी। डॉ. सैफूल्ला के खिलाफ शिकायत मिलने की जांच की गई। इधर, डॉ. सैफूल्ला से इस संबंध में बात करने की लगातार कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें