मंदिरी नाले पर सड़क से उत्तर-बिहार जाना होगा आसान, नवीन सिन्हा पथ होगा नाम; आज उद्घाटन

Nishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
Follow us on Google News
share

नाले के ऊपर सड़क निर्माण से नेहरू पथ से जेपी गंगा पथ, अशोक राजपथ, डबल डेकर, पीएमसीएच तक जाने के लिए स्थानीय नागरिकों को एक नया मार्ग मिलेगा। इस पथ के निर्माण से प्रमुख रूप से वार्ड संख्या 25, 26 और 27 समेत उतरी बिहार जाने वाले लाखों की आबादी को सुगम सड़क संपर्कता मिलेगी।

मंदिरी नाले पर सड़क से उत्तर-बिहार जाना होगा आसान, नवीन सिन्हा पथ होगा नाम; आज उद्घाटन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में सोमवार को 115 करोड़ की लागत से बने मंदिरी नाले पर बनी सड़क का उद्घाटन होगा। इसके शुरू होने से राजधानी पटना से उत्तर बिहार आना-जाना आसान होगा। उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। मंदिरी नाले के निर्माण एवं विकास कार्य क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था अधिक सुचारू और व्यवस्थित होगी।

नाले के ऊपर सड़क निर्माण से नेहरू पथ से जेपी गंगा पथ, अशोक राजपथ, डबल डेकर, पीएमसीएच तक जाने के लिए स्थानीय नागरिकों को एक नया मार्ग मिलेगा। इस पथ के निर्माण से प्रमुख रूप से वार्ड संख्या 25, 26 और 27 समेत उतरी बिहार जाने वाले लाखों की आबादी को सुगम सड़क संपर्कता मिलेगी। साथ ही पटना के बेली रोड पर होने वाले ट्रैफिक दबाव में भी कमी आएगी। अपने पिता नवीन कुमार सिन्हा को याद करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2004 में मंदिरी नाले की इस महत्वाकांक्षी योजना को तैयार करने का प्रस्ताव रखा था।

अब जब यह परियोजना पूर्ण होकर जनता को समर्पित हो रही है, तो मुझे ऐसा महसूस हो रहा है कि मुझे अपने पिताजी का सपना साकार करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। बतौर बांकीपुर विधायक मुझे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में इस योजना का शिलान्यास करने का अवसर मिला था और आज उद्घाटन समारोह का हिस्सा बनना मेरे लिए अत्यंत गर्व और संतोष का विषय है।

नवीन सिन्हा पथ होगा नाम

राज्य सरकार ने इस सड़क का नाम दिवंगत विधायक नवीन किशोर सिन्हा के नाम पर रखने का निर्णय लिया है। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड मंदिरी नाले का जीर्णोद्धार कर रही है। इससे लोगों को आने-जाने में सुविधा होगी। मंदिरी नाले में मिलने वाले नालों में एसपी वर्मा रोड, मीठापुर, गर्दनीबाग, बाबूबजार, धोबीघाट, इकोपार्क एक, इकोपार्क दो, इकोपार्क तीन, छज्जूबाग, एमएलए फ्लैट एवं सिचाई भवन शामिल हैं। नाले के जीर्णोद्धार के साथ ही इसे ढंक कर उसके उपर सड़क बनाई गई है। इस योजना के तहत नेहरू पथ (बेली रोड) पर आयकर चौराहा से दानापुर-बांकीपुर पथ के बांस घाट तक 1289 मीटर संपर्क पथ का निर्माण किया गया है। सड़क के सौंदर्यीकरण के लिए स्ट्रीट लाइट लगाई गई है।

भाजपा अध्यक्ष से मिले सीएम

इधऱ दो दिवसीय बिहार दौरे पर रविवार को पटना आए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री और भाजपा अध्यक्ष के बीच बिहार की राजनीतिक हालातों पर चर्चा हुई। संगठन से जुड़ी गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। इससे पहले भाजपा अध्यक्ष के पटना एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने उनका स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, सांसद संजय जायसवाल, बिहार सरकार के मंत्रियों में डा. दिलीप जायसवाल, नीतीश मिश्रा और रामकृपाल यादव, पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा आदि ने भाजपा अध्यक्ष की आगवानी की। भाजपा अध्यक्ष सोमवार को वापस दिल्ली लौट जाएंगे।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।