हैवानियत! पांच साल की बच्ची से यौन उत्पीड़न का प्रयास, मारपीट में मां का गर्भपात
आरोपित के घर बच्ची के परिजन गए तो उसके साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे पीड़िता बच्ची की मां का गर्भपात हो गया। इसकी शिकायत मिलने के बाद प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को छापेमारी कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

बिहार में पांच साल की एक बच्ची से यौन उत्पीड़न का प्रयास किया गया। इतना ही नहीं इस बात का विरोध करने पर लड़की के परजिनों संग मारपीट की गई और इस मारपीट में पीड़ित बच्ची की मां का गर्भपात हो गया। घटना मुजफ्फरपुर जिले की है। यहां थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच साल की बच्ची से पड़ोस के ही एक युवक ने यौन उत्पीड़न का प्रयास किया है। बच्ची के चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़े। तब युवक बच्ची को छोड़कर भाग गया।
इस मामले को लेकर आरोपित के घर बच्ची के परिजन गए तो उसके साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे पीड़िता बच्ची की मां का गर्भपात हो गया। इसकी शिकायत मिलने के बाद प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को छापेमारी कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। बताया कि मामले में आरोपित राजेश दास, मिथिलेश दास, रिंकू देवी, सरिता देवी व रिंकू देवी को गिरफ्तार किया है।
पीड़ित बच्ची के पिता ने गांव के आधे दर्जन महिला पुरुष के खिलाफ मंगलवार को सकरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बच्ची और उसकी मां ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी युवक बहला फुसला कर सुनसान जगह पर बच्ची को ले गया। जहां उसने बच्ची के साथ यौन उतपीड़न की कोशिश की। बच्ची के चिल्लाने पर लोग दौड़ तो उसे छोड़कर भाग गया।
आरोपित युवक के घर शिकायत करने पर उसके परिवार के लोग मारपीट करने लगे। इसके कारण बच्ची की मां का गर्भपात घर पर ही हो गया। प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष शिवानी श्रेष्ठा ने बताया कि मामले में पांच लोगों को कांड दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी फरार है। बच्ची व उसकी मां का इलाज सकरा रेफरल अस्पताल में हुआ़।


