बिहार में ताड़ी पीने के विवाद में चाकू से गोद मर्डर, भीड़ ने आरोपी को भी खूब पीटा
घटना की बाबत भतीजा अंकित ने बताया कि ताड़ी पीने के बाद बासुकी अपने को रंगदार बताकर पैसा देने में आनाकानी कर रहा था। उसके बाद उसने 500 का नोट दिया। फिर ताड़ी का पैसा काट कर उसे लौटा दिया गया। इसके बाद वह चाकू से हमला करने लगा।

बिहार के भागलपुर जिले में ताड़ी पीने के विवाद में मर्डर हो गया है। जिले में सन्हौला बाजार के घोघा ऑटो स्टैंड में गुरुवार को दिनदहाड़े दोपहर बाद तीन बजे चाकू मारकर ताड़ी विक्रेता सन्हौला भीखनचक के 32 वर्षीय एतबारी चौधरी की हत्या कर दी गई। वारदात में मृतक का भतीजा 13 वर्षीय अंकित कुमार, मुन्ना चौधरी और जितेंद्र चौधरी जख्मी हो गये।
घटना की बाबत भतीजा अंकित ने बताया कि ताड़ी पीने के बाद बासुकी अपने को रंगदार बताकर पैसा देने में आनाकानी कर रहा था। उसके बाद उसने 500 का नोट दिया। फिर ताड़ी का पैसा काट कर उसे लौटा दिया गया। इसके बाद वह चाकू से हमला करने लगा। चाकू लगने के बाद एतबारी चौधरी को सन्हौला अस्पताल ले जाया गया, जहां अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।
आरोपी श्रीचक निवासी बासुकी मंडल को आक्रोशित लोगों ने पकड़ लिया और मार पीटकर कर गंभीर जख्मी कर दिया। उसको बचाने आये उसके भाई को भी लोगों ने बिजली पोल में बांधकर पीटा। सूचना पर पहुंची सन्हौला ने जख्मी बासुकी मंडल को अभिरक्षा में सन्हौला अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे भागलपुर रेफर कर दिया।
एक आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वह लोगों की भीड़ की पिटाई के कारण गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए भागलपुर भेजा गया है। अभी किसी ने थाना में आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



