गली है थोड़ा धीरे चलाओ.., बिहार में तेज बाइक चलाने से रोका तो युवक को मार दी गोली
बिहार में एक युवक को सिर्फ इसलिए गोली मार दी गई क्योंकि उसने तेज बाइक चलाने से रोका था। आरा में इस कांड से सनसनी फैल गई है। गोली युवक के बाएं पैर में लगी है।

बिहार में भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के लसाढ़ी गांव में सोमवार की सुबह गली में तेज रफ्तार में बाइक चलाने से मना करने पर एक युवक को गोली मार दी गयी। गोली युवक के बाएं पैर में घुटने के ऊपर लगी है, जो आर-पार हो गई है। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। जख्मी युवक लसाढ़ी गांव निवासी रमेश कुमार सिंह का पुत्र जीतेंद्र कुमार है।
उसके पिता रेलवे में (एलटीआई) लाइटिंग इंस्पेक्टर हैं और दानापुर में कार्यरत हैं। गांव के ही अजीत कुमार नामक एक युवक पर गोली मारने का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार बाइक से कीचड़ के छींटें पड़ने के विवाद में गांव के ही युवक की ओर से गोली मारे जाने की बात सामने आ रही है। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष कमलजीत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की।
जीतेंद्र ने बताया कि सोमवार की सुबह उसका बच्चा घर के बाहर गली में खड़ा था। तभी गांव का एक युवक तेज रफ्तार में बाइक लेकर जा रहा था, तो उसने कहा कि गली है थोड़ा धीरे चलाओ। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। इसके बाद युवक उसे जान मारने की धमकी देने लगा। कुछ देर बाद वह अपने एक अन्य साथी के साथ उसके दरवाजे पर आया और उसे गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जीतेंद्र कुमार ने गांव के ही अजीत कुमार नामक व्यक्ति पर खुद को गोली मारने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष कमलजीत ने बताया कि सोमवार की सुबह जख्मी युवक जीतेंद्र कुमार का भाई मनीष कुमार नहर की ओर जा रहा था। गांव का अजीत कुमार भी नहर की तरफ बाइक से जा रहा था। उस दौरान अजीत की बाइक से जख्मी युवक के भाई मनीष पर कीचड़ पड़ गया था। इसे लेकर दोनों के बीच मामूली विवाद हुआ। हालांकि बात खत्म हो गई थी। कुछ देर बाद अजीत कुमार गांव में बाइक लेकर जा रहा था। तभी जीतेंद्र कुमार ने गली में तेज रफ्तार में बाइक चलाने से मना किया। उसी विवाद में अजीत कुमार की ओर से जीतेंद्र कुमार को गोली मारने की बात सामने आ रही है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।
रास्ता मांगने पर टेम्पो चालक से मारपीट, तीन पर केस
गोपालपुर (सीवान)। सूरापुर गांव के समीप रास्ता मांगने को लेकर टेम्पो चालक के साथ मारपीट करने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। टेम्पो चालक सोनालाल कुमार ने पुलिस को बताया है कि वह टेम्पो लेकर सूरापुर स्थित अपनी बहन के घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक व्यक्ति ने साइकिल खड़ी कर रास्ता रोक दिया था। रास्ता मांगने पर वह मारपीट करने लगा।


