बिहार में बाइक लूट का विरोध करने पर युवक की गोली मार कर हत्या, गुस्साए लोगों ने काटा बवाल
आक्रोशित भीड़ ने पुलिस और प्रशासन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मधुबनी सदर एसडीएम चंदन कुमार झा, सदर-1 एसडीपीओ अमित कुमार और सदर-2 एसडीपीओ मनोज कुमार राम को भागकर पास के मनमोहन प्लस टू हाईस्कूल में शरण लेनी पड़ी।

बिहार के मधुबनी जिले में बेखौफ अपराधियों ने मंगलवार सुबह राजनगर थाना क्षेत्र के राघोपुर बलाट में बाइक लूट का विरोध करने पर युवक जयराम मंडल उर्फ जय सिंह (33 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आक्रोशित लोगों ने घंटों सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन किया और मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों पर जमकर पथराव किया। हालांकि, इस दौरान किसी को चोट नहीं लगी। हंगामे के कारण करीब चार घंटे तक मधुबनी, राजनगर, पंडौल और झंझारपुर मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा।
लोगों ने बताया कि मृतक जयराम मंडल मधुबनी पोस्ट ऑफिस के पास एक निजी कंप्यूटर दुकान में काम करता था। सुबह करीब 8:30 बजे वह अपनी बाइक से काम पर जा रहा था। घर से दो किमी दूर राघोपुर-सर्वाडीह मार्ग पर सुनसान जगह अपराधियों ने उसे घेर लिया। अपराधियों ने बाइक छीनने की कोशिश की लेकिन जयराम ने कड़ा विरोध किया। बदमाशों ने उसका हाथ मरोड़कर सीधे उसके सीने में गोली मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अपराधी बाइक ले जाने में विफल रहे। मृत युवक की मुट्ठी में ही बाइक की चाबी फंसी रह गई। पुलिस ने एक खोखा और एक कारतूस बरामद किया है।
स्कूल में दुबके अधिकारी
वारदात के बाद रामपट्टी लाल चौक पर शव रखकर जाम कर रहे लोग तब उग्र हो गए जब अधिकारी वार्ता के लिए पहुंचे। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस और प्रशासन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मधुबनी सदर एसडीएम चंदन कुमार झा, सदर-1 एसडीपीओ अमित कुमार और सदर-2 एसडीपीओ मनोज कुमार राम को भागकर पास के मनमोहन प्लस टू हाईस्कूल में शरण लेनी पड़ी। करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस पहुंची। आक्रोशित लोगों ने रामपट्टी लाल चौक चौराहे के पास शव रखकर प्रदर्शन किया। लोगों की भीड़ के कारण मधुबनी, राजनगर, पंडौल व झंझारपुर की ओर आवागमन बाधित हो गया।
काफी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को शांत कराया गया। प्रदर्शनकारी मौके पर एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे। करीब चार घंटे तक यातायात बाधित रहा। मधुबनी सदर एसडीएम चंदन कुमार झा ने बताया कि घटना से हम सभी लोग मर्माहत हैं। अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए सदर एसडीपीओ-2 मनोज राम के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से नमूने इकट्ठा किए हैं। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का स्पीडी ट्रायल सुनिश्चित किया जाएगा।
जिस वक्त यह बवाल हुआ, मनमोहन प्लस टू हाईस्कूल में इंटर की परीक्षा चल रही थी। प्रदर्शनकारियों के स्कूल परिसर में घुसने से परीक्षार्थियों में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को केंद्र से बाहर निकाला। मामले की जांच के लिए एसपी योगेंद्र कुमार के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया है। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


