

बिहार के नालंदा जिले में प्रेम प्रसंग में एक युवक की बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात सिलाव थाना क्षेत्र के पांकी गांव की है। मृतक की पहचान 25 साल के मणि कुमार के रूप में हुई है। उसका रिश्ते में चचेरी बहन लगने वाली युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। होली के दिन युवक और युवती दोनों छत पर पकड़े गए थे। इसके बाद युवक और युवती के परिजन के बीच झगड़ा हुआ था। उसके बाद से मणि गायब बताया जा रहा था। वह पहले से शादीशुदा था।
शनिवार सुबह उसका शव पांकी गांव के बाहर महादेव स्थान के पास सड़क निर्माण के लिए खोदे गए पानी भरे गड्ढे में उपलाता हुआ मिला। वह दो बच्चों का पिता था। बताया जा रहा है कि युवक के शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। पहचान छुपाने के लिए चेहरे को बेरहमी से कुचल दिया गया है। पुलिस ने चचेरे भाई समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मणि के भाई सन्नी की मानें तो करीब एक साल से युवक और युवती का अफेयर चल रहा था। परिवार के लोगों को इसकी जानकारी थी। इसी वजह से मणि की पत्नी उसे छोड़कर अपने बच्चों के साथ दिल्ली चली गई थी। होली के दिन शाम को युवती छत की दीवार फांदकर उनकी छत पर पहुंच गई।
युवक के घर वालों ने दोनों को रंगे हाथ पकड़कर युवती के परिजन को जानकारी दे दी। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया था कि पुलिस बुलानी पड़ी थी। सूचना पाकर पहुंची डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने मामले को शांत करवाया था।
मृतक की मां ममता देवी ने बताया कि होली के दिन हुए विवाद के बाद गांव के ही राजेश कुमार, गुलशन कुमार, धर्मेंद्र कुमार, छोटू कुमार और सोनल कुमार, मणि को अपने साथ बुलाकर ले गए थे। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजन ने खोजबीन शुरू की। आरोपियों ने परिजन को यह कहकर गुमराह किया कि वह अपनी मौसी के घर चला गया है। शनिवार सुबह लाश मिलने पर हत्या का खुलासा हुआ।
वहीं, शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ डीएसपी मौके सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। डीएसपी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग में हत्या का प्रतीत होता है। युवक के शरीर पर जख्म के निशान मिले हैं। इससे अंदेशा है कि उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई है।
उन्होंने कहा कि परिजन के बयान पर पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।