बिहार में बीच सड़क दिनदहाड़े किडनैपिंग का लाइव वीडियो, फायरिंग कर ले भागे बदमाश

हिन्दुस्तान टीम, एक प्रतिनिधि, बलुआ बाजार, सुपौल
Follow us on Google News
share

इस वीडियो में नजर आ रहा है कि लाल रंग की चार पहिया वाहन से आए कुछ लोग मोटरसाइकिल से जा रहे जिशान को पहले ठोकर मारते हैं। इस ठोकर से जिशान गिर जाता है। इसके बाद कार से कुछ लोग उतरकर जिशान को किडनैप करते हैं।

supaul kidnapping
सुपौल में युवक के अपहरण का वीडियो सामने आया है। (वीडियो स्क्रीनशॉट)

बिहार में एक युवक की किडनैपिंग का वीडियो वायरल हो रहा है। बीच सड़क से दिनहाड़े युवक को किडनैप किया गया है। हालांकि, भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज में सोमवार को दिनदहाड़े हुए जिशान खान अपहरण कांड का पुलिस ने करीब 12 घंटे में खुलासा करते हुए अपहृत युवक को अररिया जिले के फुलकाहा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। लेकिन जिस तरह से अपराधियों ने बीच सड़क से जिशान को किडनैप किया उसका वीडियो देख आप सिहर उठेंगे।

इस वीडियो में नजर आ रहा है कि लाल रंग की चार पहिया वाहन से आए कुछ लोग मोटरसाइकिल से जा रहे जिशान को पहले ठोकर मारते हैं। इस ठोकर से जिशान गिर जाता है। इसके बाद कार से कुछ लोग उतरकर जिशान को किडनैप करते हैं। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोग किडनैपरों को रोकने की कोशिश करते हैं लेकिन किडनैपर गोली चलाते हुए युवक को लेकर वहां से भाग जाते हैं।

पुलिस ने बरामद कर ली है कार

बहरहाल अब पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। मामले में कुछ अपराधियों को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। सुपौल एसपी सरथ आरएस ने बताया कि सोमवार सुबह करीब दस बजे भीमपुर पुलिस को सूचना मिली कि कार सवार अपराधियों ने जिशान खान का जबरन अपहरण कर लिया है। अपराधी जब उसे कार में बैठाने का प्रयास कर रहे थे, तभी ग्रामीण मौके पर जुट गए। इस दौरान अपराधियों ने फायरिंग की और जिशान को लेकर फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए त्रिवेणीगंज एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। इसमें छातापुर, ललितग्राम और प्रतापगंज थानाध्यक्षों को शामिल किया गया। इसके अलावा चार-पांच अलग-अलग छापेमारी दल बनाए गए। जांच के दौरान पुलिस को अररिया जिले के नरपतगंज क्षेत्र के अपराधियों के भी घटना में शामिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद अररिया एसपी से समन्वय कर नरपतगंज और फुलकाहा पुलिस को भी अभियान में शामिल किया गया।

अररिया पुलिस औऱ एसटीएफ ने की थी छापेमारी

एसपी के अनुसार वैज्ञानिक अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध वाहन की मूवमेंट के आधार पर पुलिस लगातार आगे बढ़ी। इसी क्रम में घटना में प्रयुक्त कार के फुलकाहा थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली। छापेमारी कर पुलिस ने कार बरामद कर ली। इसके बाद एसटीएफ को भी अभियान में शामिल किया गया। अररिया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी की। इसी दौरान जिशान के फुलकाहा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में होने की सूचना मिली। सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने उसे सकुशल बरामद कर लिया।

एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अवैध कारोबार और पैसों के लेनदेन को अपहरण की वजह बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार जिशान भी आरोपियों के साथ मिलकर अवैध कारोबार में संलिप्त था। इसी लेनदेन को लेकर उसे अगवा किया गया था। मामले का मुख्य आरोपी नरपतगंज थाना क्षेत्र निवासी नीरज कुमार बताया गया है, जिस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार में बीच सड़क दिनदहाड़े किडनैपिंग का लाइव वीडियो, फायरिंग कर ले भागे बदमाश