पटना के थाने में युवक की मौत, पत्नी बोली- पीट-पीट कर मार डाला; पुलिस दे रही सफाई
थानाध्यक्ष तनेस पायल का कहना है कि मृतक की पत्नी ने आवेदन दिया है। इसमें ईंट भट्ठा मालिक पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। कहा गया है कि ईंट भट्ठा मालिक का दो लाख अजय मांझी पर बकाया था। इसी को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था।

बिहार की राजधानी पटना से सटे पालीगंज अनुमंडल के सिगोड़ी थाना के हिरासत में एक मजदूर की संदिग्ध मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि रविवार तड़के मजदूर ने फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं, परिजनों का आरोप है कि पुलिस की पिटाई से मौत हुई है। इस बीच, घटना की सूचना पर एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा, सिटी एसपी (पश्चिमी) साकेत कुमार थाने पहुंचे।पुलिस ने बताया कि गयाजी के महकार क्षेत्र के कुडवा निवासी लालमोहन मांझी का बेटा अजय मांझी का बऊआ स्थित ईंट भट्ठा मालिक श्याम कुमार से पैसे का विवाद चल रहा था। सिटी एसपी (पश्चिमी) संकेत कुमार ने बताया कि भट्ठा मालिक ने उसके विरुद्ध आवेदन दिया था।
शनिवार को पूछताछ के लिए रंजन कुमार, विष्णु दयाल और अजय मांझी को थाने लाया गया। रात होने के कारण तीनों युवकों को थाना परिसर में ही एक कमरे में रखा गया था। अजय मांझी ने एक चौकीदार का गमछा लेकर पंखे से लटकाकर फांसी लगा ली। रविवार सुबह चार बजे चौकीदार ने थानाध्यक्ष को सूचना दी कि आरोपी अजय मांझी पंखे से लटका हुआ है। सिपाहियों ने उसे पंखे से उतारा और इलाज के लिए एम्स पटना ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद थानाध्यक्ष तनेस पायल ने इसकी सूचना एसएसपी को दी।
जांच चल रही: एसपी
थानाध्यक्ष तनेस पायल का कहना है कि मृतक की पत्नी ने आवेदन दिया है। इसमें ईंट भट्ठा मालिक पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। कहा गया है कि ईंट भट्ठा मालिक का दो लाख अजय मांझी पर बकाया था। इसी को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। सिटी एसपी ने बताया कि घटनास्थल की जांच एफएसएल टीम कर रही है। पूरे घटना की जांच कराई जा रही है।
पत्नी बोली, भट्ठा मालिक के साथ मिलकर हत्या की
मृतक की पत्नी काजल देवी ने बताया कि ईंट भट्ठा मालिक के साथ मिलकर पुलिस ने मेरे पति को मार डाला है। रविवार की सुबह चार बजे सिगोडी थाना से फोन आया कि आपके पति की तबियत काफी खराब है। आपलोग पटना आइए। जब हमलोग पटना एम्स पहुंचे तो देखा कि जमीन पर पति का शव पड़ा हुआ है। उसने बताया कि वह ईंट भटठा पर मजदूरी का काम करता था। ईंट भटठा मालिक का कुछ पैसा बकाया था इसके लिए वह दबाव बना रहा था। कई बार मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया। मृतक की मां नागो देवी ने बताया कि शनिवार को ईंट भट्ठा मालिक उसे घर पर बुलाया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस और ईंट भटठा मालिक ने अजय को इतना प्रताड़ित किया कि उसने मजबूरन फांसी लगा ली।


