बेटे को हीरो और मां को राज्यपाल बना दे्ंगे, पटना में हुई गजब की ठगी

Mar 15, 2026 08:41 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share

ठग ने कहा कि आपको राज्यपाल बनाने के लिए राष्ट्रपति के पास आपकी फाइल भेजे हैं। इसके बाद एक जमीन दिखाने शिमला ले गया और वहां झांसा देकर होटल का किराया एक लाख रुपये ले लिया।

बेटे को हीरो और मां को राज्यपाल बना दे्ंगे, पटना में हुई गजब की ठगी

बेटे को हीरो और मां को राज्यपाल बनाने का झांसा देकर दस लाख रुपये की ठगी कर ली गई। अनीता मिश्रा ने पटना के राजीवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि युवराज प्रताप सिंह नाम के युवक ने उसके बेटे को फिल्म में हीरो का रोल दने और उन्हें राज्यपाल बनवाने का झांसा देकर दस लाख रुपये की ठगी कर ली।

आरोप है कि युवक ने उन्हें शिमला में जमीन, एसकेपुरी और दिल्ली में मकान दिलाने का भी झांसा दिया गया। उसने कहा कि उसके बड़े राजनेताओं के साथ अच्छी जान पहचान है। इस दौरान उसने अशोक व शाहनवाज नाम के व्यक्ति को फोन लगाकर एक बड़े नेता से बात करवायी। इस दौरान पांच लाख रुपये ले लिये।

राष्ट्रपति तक आपका कागज चला गया

ठग ने कहा कि आपको राज्यपाल बनाने के लिए राष्ट्रपति के पास आपकी फाइल भेजे हैं। इसके बाद एक जमीन दिखाने शिमला ले गया और वहां झांसा देकर होटल का किराया एक लाख रुपये ले लिया।

मीटर अपडेट कराने के नाम पर 6.11 लाख ठगे

इधर पटना में ही बिजली मीटर अपडेट कराने के नाम पर साबर ठगों ने तीन लोगों को 6.11 लाख रुपये का चूना लगा दिया। जालसाजों ने लिंक भेजकर एसकेपुरी निवासी से 3.91 लाख की ठगी कर ली। वहीं अलग-अलग बहाने से शातिरों ने आठ लोगों को कुल 13.34 लाख की चपत लगा दी। एसकेपुरी थाना क्षेत्र के बोरिंग कैनाल रोड निवासी का खाता आईसीआईसीआई बैंक में है। बीते दिनों खुद को बिजली कंपनी कर्मी बताकर फोन करने वाले ने कहा कि मीटर अपडेट नहीं करने पर बिजली कट जाएगी। इसके बाद मोबाइल पर लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाता से 3.91 लाख रुपये कट गए।

नोट डबलिंग का झांसा दे ठग लिए 50 हजार

इधर मुजफ्फरपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म दो-तीन पर गरीबरथ का इंतजार कर रहे मधुबनी के कलुआही निवासी यात्री विकास कुमार से ठगों ने 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। इसे लेकर विकास ने रेल थाना मुजफ्फरपुर में औराई के अतरात के बड़ा खुर्द निवासी दो सगे भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इनमें एक मो. शहनवाज को पुलिस ने पकड़ कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, दूसरे शातिर मो. अकरम की गिरफ्तारी को लेकर औराई पुलिस की मदद से छापेमारी कर रही है।

बताया गया कि विकास को गरीबरथ से दिल्ली जाना था। वह शाम में प्लेटफार्म दो पर पहुंचा। इस दौरान उसके पास दो युवक आये और उससे मेलजोल बढ़ाते हुए बातचीत के दौरान बताया कि उनके पास पैसे डबल करने की स्कीम है। शातिरों के झांसे में आकर वे सर्कुलेटिंग एरिया स्थित एटीएम से 10-10 कर पांच बार में 50 हजार रुपये निकाले और शातिरों के पास पहुंच गए। पहले शातिरों ने विकास से 50 हजार रुपये ले लिये। फिर एक कागज और रूमाल से लपेटा हुआ बंडल हाथ में थमा दिया। उसके ऊपर एक पांच सौ का नोट लगाया हुआ था। कागज का बंडल थमाने के बाद दोनों मौके से निकल गए। विकास ने जैसे ही बंडल को देखा, वह घबरा गए। काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों नहीं मिले तो आरपीएफ और रेल पुलिस में जाकर शिकायत की। फिर आरपीएफ ने सीसीटीवी कैमरे को खंगाला, जिसमें शातिरों को चिह्नित किया गया।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।