घर से बुलाकर शराब पार्टी और फिर हत्या, 24 बार युवक को चाकू से गोदा; बिहार में भयानक हत्याकांड

हिन्दुस्तान टीम, मोतिहारी
share

बिहार में अपराधियों ने दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया है। यहां अपराधियों ने एक युवक को पहले घर से बुलाया और फिर शराब पार्टी के बाद उसपर चाकू से कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई है। 

Motihari Murder
मोतिहारी में युवक की हत्या के बाद छानबीन करती पुलिस

बिहार के मोतिहारी जिले में अपराधियों ने रोंगटे खड़ी कर देने वाली वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे डाली। यहां अपराधियों ने एक युवक को घर से बुलाया और फिर शराब पार्टी के बाद उसपर चाकू से ताबड़तोड़ करीब 24 वार किए। सनसनीखेज वारदात के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। दरअसल यहां तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर में रेतवा नदी किनारे मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान जयसिंहपुर खिरुआ बाजार निवासी भूलन साह के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, सोमवार रात करीब आठ बजे सुनील साह का पुत्र और दो अन्य युवक दीपक को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद दीपक वापस घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह नदी किनारे उसका शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव की स्थिति देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी दिलीप कुमार, तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, दारोगा मनीष राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। डीएसपी ने घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।

दो दर्जन बार चाकू से हमला

दीपक के शरीर पर चाकू से करीब दो दर्जन वार किए जाने की बात सामने आई है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल से मीट-भूंजा और शराब की खाली पाउच भी मिली है। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले दीपक और उसके परिचित युवकों ने वहां साथ में खाना-पीना किया होगा। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया की मामले मे छापेमारी की जा रही है। हत्यारे जल्द ही पकड़े जाएंगे।

घटना के बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मृतक के साथ रात में गए युवकों के बारे में जानकारी जुटा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर हत्या की वास्तविक वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो पाएगी।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार: घर से बुलाकर शराब पार्टी और फिर हत्या, 24 बार युवक को चाकू से गोदा