अपने बच्चों को मंत्री बना लो, युवाओं पर डंडे चला दो; TRE 4 प्रदर्शन पर लाठीचार्ज से भड़के तेजस्वी यादव
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि एनडीए ने चुनाव से पहले बीपीएससी टीआरई 4 की वैकेंसी जारी करने का वादा किया था। सरकार बनने के महीनों बाद भी बहाली नहीं निकाली गई, अब बेरोजगार युवा विज्ञापन की मांग कर रहे हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।

बिहार लोक सेवा आयोग चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (BPSC TRE 4) का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पटना पुलिस के लाठीचार्ज पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने एक दिन पहले हुए सम्राट कैबिनेट के विस्तार पर भी तंज कसा। तेजस्वी ने कहा कि अपने-अपने बच्चे को मंत्री बना लो और युवाओं पर लाठी चला दो। बिहार में यही हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में एनडीए सरकार के गठन के 6 महीने बाद भी टीआरई-4 भर्ती का विज्ञापन नहीं निकला। उलटे वैकेंसी की मांग करने पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "एनडीए के नेताओं ने बिना चुनावी प्रक्रिया में भागीदार किए, अपने बच्चों को मंत्री बना दिया। लेकिन बिहार के लाखों युवा, जिन्होंने सालों मेहनत कर पढ़ाई की है, उनसे चुनाव से पूर्व एनडीए के नेताओं द्वारा वादा किया गया था कि TRE-4 की वैकेंसी जारी की जाएगी। लेकिन सरकार गठन के महीनों बाद भी विज्ञापन नहीं निकला है। अब लाठियां बरसाई जा रही हैं।"
तेजस्वी ने सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार से सवाल किया है कि बिहार के युवाओं से इतनी नफरत क्यों है? उन पर अत्याचार क्यों किया जा रहा है? नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि युवा सिर्फ सरकार से वादा निभाने के लिए कह रहे हैं, जिस वादे के आधार पर उनसे वोट मांगा गया था। ये युवा बस अपना अधिकार मांग रहे हैं, वे केवल परीक्षा आयोजित करने के लिए कह रहे हैं। ताकि अपनी प्रतिभा दिखा सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार की मौजूदा सरकार रोजगार विरोधी है और बेरोजगारों पर अत्याचार कर रही है। उन्होंने कहा कि एनडीए की युवाओं से वादाखिलाफी बिहार नहीं भूलेगा। बता दें कि पटना में बीपीएससी टीआरई 4 का विज्ञापन निकालने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। अभ्यर्थी घंटों पटना की सड़कों पर आंदोलन कर डटे रहे।
शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज से कांग्रेस भी भड़की
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने पटना पुलिस द्वारा युवाओं पर लाठीचार्ज की निंदा की है। शुक्रवार को बयान जारी कर उन्होंने कहा कि अपना हक मांग रहे शिक्षक अभ्यर्थियों पर लात-घूंसों और लाठियों का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन है। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ करोड़ों रोजगार देने का दावा करती है। वहीं, दूसरी तरफ राज्य का खजाना खाली हो चुका है और सरकार हर महीने करोड़ों के कर्ज पर चल रही है।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


