जदयू विधायक अनंत सिंह को बड़ी राहत, हथियार और अश्लील वीडियो कांड में अग्रिम जमानत मिली
अनंत सिंह को गोपालगंज की एमपी एमएलए कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। एमपी-एमएलए कोर्ट के एडीजे-3 ने दोनों की अग्रिम जमानत याचिका मंजूर कर ली है। दोनों के एंटिसिपेटरी बेल मिल गया है।

Anant Singh Anticipatory bail: मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह को गोपालगंज की एमपी एमएलए कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। एमपी-एमएलए कोर्ट के एडीजे-3 ने दोनों की अग्रिम जमानत याचिका मंजूर कर ली है। दोनों के एंटिसिपेटरी बेल मिल गया है। इससे पूर्व अनंत सिंह से जुड़े मामले की जांच सीआईडी को सौंप दी गई थी। अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी गई थी। इस मामले में जमकर राजनीति हुई थी। विपक्ष ने अनंत सिंह की गिरफ्तारी के लिए सरकार पर काफी दबाव बनाया था।
गौरतलब है कि बीते 2 मई को मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में एक कार्यक्रम के दौरान हथियार लहराने और अश्लील गानों के प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था। इसके बाद मीरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीआईडी को सौंप दी गई थी। इस प्रकरण में विधायक अनंत सिंह और गायक गुंजन सिंह की भूमिका को लेकर कानूनी कार्रवाई चल रही थी। इसी क्रम में दोनों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी। सुनवाई के बाद एमपी-एमएलए कोर्ट सह एडीजे-3 ने दोनों की याचिका स्वीकार करते हुए उन्हें अग्रिम जमानत दे दी।
विधायक अनंत सिंह से साथ मामले से सभी नौ अभियुक्तों को अग्रिम जमानत का लाभ मिला है। कोर्ट ने इस मामले में दोनो पक्षों की दलीलें सुनने के बाद दिया जमानत पर अपना फैसला दिया। इस मामले की बहस के लिए पटना हाईकोर्ट से पहुंचे अधिवक्ता कुमार हर्षवर्धन ने बहस किया। उन्होंने अनंत सिंह और गुंजन सिंह सहित नौ अभियुक्तों को निर्दोष बताते हुए अग्रिम जमानत देने की अपील की। एडीजे तृतीय सह विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश राजेंद्र कुमार पांडेय ने अपील पर सुनवाई करते हुए विधायक और भोजपुरी गायक सहित सभी नौ अभियुक्तों को अग्रिम जमानत दे दी। कोर्ट के फैसले से अनंत सिंह के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
दरअसल बीते 4 मई को सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुआ था। इस वायरल वीडियो में अनंत सिंह समर्थकों के साथ कथित रूप से अश्लील डांस देख रहे थे। इस वीडियो में एक डांसर मुझको राणा जी माफ करना बोल वाले फिल्मी गाने पर डांस करती नजर आई थी। वीडियो में दिखा कि डांस देखकर अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ आनंद ले रहे हैं। बाद में सवाल पूछने पर उन्होंने कहा कि कलाकार का डांस देखने में क्या गलत है।
इसके अलावा एक और वीडियो कुछ लोग अपने हाथों में हथियार लेकर डांस करते दिखे। कहा गया कि ये सब अनंत सिंह के समर्थक और सेवादार हैं जो विधायक की रसूख का बेजा इस्तेमाल करते हैं। इन दोनों वीडियो के वायरल होने के बाद मीरगंज थाना में साइबर सेल के पुलिस अवर निरीक्षक के द्वारा अनंत सिंह समेत 9 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था।


