
बिहार में बड़ा हादसा टला; रेलवे ट्रैक पर गिरा 25 हजार वोल्ट का तार, थम गई ट्रेनों की रफ्तार
एस.एस.सी केआरडी के इंजीनियर हैप्पी शंकर ने बताया कि 25 हजार वोल्ट का कैटेनरी तार टूटने से समस्या आई थी। तार टूटने के कारणों की जांच की जाएगी। टेक्निकल टीम के दो घंटे के कार्य के बाद आवाजाही सामान्य कर दी गई।
बिहार में भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर रविवार को एकबड़ा हादसा टल गया। नाथनगर और मुरारपुर स्टेशन के बीच पुरानीसराय रेलवे ट्रैक के पास ओवर हेड तार टूटकर ट्रैक पर गिरने से करीब दो घंटे तक रेल परिचालन ठप रहा। अचानक ट्रेनें रुक जाने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है।
जानकारी के मुताबिक सुबह पांच बजकर 43 मिनट पर दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस को नाथनगर स्टेशन पर रोक दिया गया। रेलवे ने माइकिंग कर यात्रियों को रेलवे परिचालन में आई परेशानी की जानकारी दी। यात्रियों को बताया गया कि तार टूटने के कारण बिजली सप्लाई बाधित है और मरम्मत कार्य जारी है। कार्य पूरा होने के बाद ही ट्रेनों की आवाजाही शुरू की जाएगी। करीब दो घंटे तक तकनीकी टीम के काम करने के बाद रेलवे परिचालन को शुरू कराया गया। इस दौरान यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जोरदार आवाज होने से, ग्रामीणों के बीच मची अफरा तफरी
ग्रामीणों के बताया कि सुबह पांच बजकर 20 मिनट पर अचानक तेज आवाज के साथ हाईटेंशन तार रेलवे ट्रैक पर टूटकर गिर गया। जोरादार आवास से कई गांवों के लोगों के बीच अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत 112 डायल पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस टीम ने रेलवे अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद सभी ट्रेनों के परिचालन को रोक दिया गया। भागलपुर और आस पास के स्टेशन पर कई गाड़ियों को रोका गया। इस तरह बड़ा हादसा टल गया।
तकनीकी टीम ने दो घंटे में बहाल किया परिचालन
एस.एस.सी केआरडी के इंजीनियर हैप्पी शंकर ने बताया कि 25 हजार वोल्ट का कैटेनरी तार टूटने से समस्या आई थी। उन्होंने बताया कि तार टूटने के कारणों की जांच की जाएगी। टेक्निकल टीम के दो घंटे के कार्य के बाद आवाजाही सामान्य कर दी गई। अभी कोई दिक्तत परिचालन में नहीं है।





