मैं हूं ना... नीतीश के राज्यसभा जाने पर रोने लगे मंत्री और विधायक, तो CM ने ऐसे संभाला

Jayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

जदयू विधान मंडल दल की बैठक में जैसे ही नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की बात कही, तो सभी विधायक और मंत्रियों की आंखों से आंसू आ गए। इसके बाद नीतीश ने उन्हें भरोसा दिलाया कि मैं हूं ना, चिंता मत करिए।

मैं हूं ना... नीतीश के राज्यसभा जाने पर रोने लगे मंत्री और विधायक, तो CM ने ऐसे संभाला

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर जनता दल यूनाइटेड के मंत्री और विधायक भावुक हो गए। नीतीश के आवास पर शुक्रवार शाम को हुई जेडीयू विधानमंडल दल की बैठक में मंत्री-विधायक रोने लगे। उनकी आंखों से आंसू आ गए। इसके बाद नीतीश ने उन्हें भरोसा दिलाया और कहा कि वह अपने कार्यकर्ताओं से हमेशा जुड़े रहेंगे और उनका मार्गदर्शन करते रहेंगे। बैठक के बाद जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने मीडिया को यह जानकारी दी।

नीतीश कुमार ने गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन किया था। इसके बाद से बिहार में सियासत गर्म है। इसी बीच पटना में मुख्यमंत्री आवास में शुक्रवार को अहम बैठक बुलाई गई। इसमें पार्टी के सभी विधायक, सांसद, एमएलसी, मंत्री मौजूद रहे। बैठक में नीतीश कुमार ने अपने राज्यसभा जाने के फैसले के बारे में जानकारी दी, तो सभी नेता भावुक हो गए।

नीतीश कुमार ने उनसे कहा, "मैं हूं ना, किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। विकास और सरकार से संबंधी कार्यों को देखते रहेंगे। आपकी समस्याओं का समाधान करते रहेंगे।" इसके बाद सभी विधायकों ने नीतीश को आश्वस्त किया कि वह उनके फैसले के साथ खड़े हैं।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश के कहने पर ही यह मीटिंग बुलाई गई। बैठक में नीतीश ने कहा कि आप लोगों को हम छोड़ नहीं रहे हैं, आपके बीच ही रहेंगे। उनकी राज्यसभा जाने की इच्छा थी, इसलिए नामांकन किया।

निशांत के राजनीति में आने पर बनी सहमति

इस बैठक में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने पर भी सहमति बन गई। सभी विधायकों ने नीतीश के सामने निशांत को राजनीति में लाने की मांग की। इसके बाद पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा इसका प्रस्ताव लेकर आए। इस पर सभी विधायक एवं एमएलसी ने अपना समर्थन दिया।

इसके बाद संजय झा ने निशांत को पार्टी में शामिल करने की घोषणा की। बैठक में फैसला लिया गया कि निशांत कुमार शनिवार को जेडीयू की सदस्यता लेंगे और आने वाले दिनों में वे बिहार भ्रमण भी करेंगे।

नीतीश राज्यसभा जा रहे, बिहार को मिलेगा नया सीएम

लगभग दो दशक तक बिहार की सत्ता के केंद्र में रहे नीतीश कुमार ने गुरुवार को नई राजनीतिक पारी शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने जदयू प्रत्याशी के तौर पर राज्यसभा चुनाव में नामांकन किया।

नीतीश के राज्यसभा सांसद बनने के बाद बिहार में नेतृत्व परिवर्तन होगा। नई सरकार में भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री बनने की चर्चा जोरों पर है। वहीं, निशांत के राजनीति में आने के बाद उन्हें सरकार में डिप्टी सीएम जैसा कोई बड़ा पद भी मिल सकता है। हालांकि, शुक्रवार को हुई बैठक में इस पर कोई चर्चा नहीं हुई।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।