बाल-बाल बची महानंदा एक्सप्रेस, बिहार के आरा में दो कोच पटरी से उतरे; 2 लोको पायलट सस्पेंड
दानापुर-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन रेलखंड पर आरा जंक्शन के पास अलीपुरद्वार जंक्शन से दिल्ली जा रही 15483 महानंदा एक्सप्रेस के एक जनरल और एक एसी कोच पटरी से उतर गए।

Mahananda Express derailed: बिहार के आरा में रविवार को बड़ा रेल हादसा टल गया। दानापुर-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड पर आरा जंक्शन के पास रविवार की तड़के करीब चार बजे अलीपुरद्वार जंक्शन से दिल्ली जा रही 15483 महानंदा एक्सप्रेस के दो कोच पटरी से उतर गए। हादसे के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई। राहत की बात रही कि कोई यात्री हताहत नहीं हुआ। लेकिन, हादसे के कारण दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग की अप लाइन पर करीब तीन घंटे तक परिचालन ठप रहा। घटना की पूरी जांच के आदेश दिए गए हैं।
रेल कर्मियों की काफी मशक्कत के बाद इस लाइन पर परिचालन शुरू हो पाया और सुबह 7.30 बजे महानंदा एक्सप्रेस को रवाना किया गया। उधर, रेलवे ने कार्रवाई करते हुए दो लोको पायलटों को निलंबित कर दिया है, जबकि आरा के स्टेशन प्रबंधक एके राय के खिलाफ जांच का आदेश दिया है।
बताया जाता है कि महानंदा एक्सप्रेस रविवार अहले सुबह करीब 3.56 बजे आरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची थी। यहां से ट्रेन को दिल्ली की ओर रवाना होना था। इसी बीच, तकनीकी गड़बड़ी से ट्रेन का सिग्नल सासाराम लाइन की ओर हो गया। ट्रेन आगे बढ़ी तो चालक को गलत दिशा का आभास हुआ। उसने ट्रेन रोकी और बैक करने की कोशिश की। इसी दौरान स्टेशन से करीब 200 मीटर की दूरी पर अप लाइन में महानंदा एक्सप्रेस के दो कोच पटरी से उतर गए।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी आनन फानन में मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव और परिचालन बहाल करने का काम शुरू कर दिया। इधर, हादसे की जानकारी मिलते ही पूर्व मध्य जोन हाजीपुर के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग, दानापुर मंडल के डीआरएम, एडीआरएम समेत कई वरीय अधिकारी आरा जंक्शन पहुंच गए।
पश्चिम मध्य रेलवे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि रेलवे की चार सदस्यीय टीम इस पूरे मामले की जांच करेगी। जांच में जो भी तथ्य सामने निकल कर आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लोको पायलट यूएस पांडेय और सह लोको पायलट को पूछताछ के बाद निलंबित कर दिया गया। स्टेशन प्रबंधक की भूमिका की जा्ंच की जा रही है। उन्हें सोमवार को दानापुर में पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

