दो पक्षों में हिंसक झड़प, दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज

Mar 05, 2026 10:41 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मधुबनी
share

झंझारपुर में होली के दिन पुरानी बाजार वार्ड संख्या-4 में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस घटना में कई लोग घायल हुए और इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

दो पक्षों में हिंसक झड़प, दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज

झंझारपुर,निज प्रतिनिधि। होली के दिन झंझारपुर पुरानी बाजार वार्ड संख्या-4 में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिनका इलाज अनुमंडल अस्पताल में कराया जा रहा है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।पहले पक्ष की ओर से वार्ड चार निवासी चंदा देवी ने आवेदन देकर 10 लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। आवेदन में कहा गया है कि 4 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे राम साह कसेरा, भगवान साह कसेरा, भरत साह कसेरा, शत्रुघ्न साह कसेरा, विकास कुमार साह उर्फ छोटू, कृष्ण कुमार कसेरा, दीपक साह, रोहित साह, सोहित साह, कन्हैया साह सहित अन्य लोग लाठी, लोहे के रॉड व फरसा लेकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।

विरोध करने पर सभी ने मिलकर मारपीट की। इस घटना में गोकुल कुमार, प्रदीप साह और राखी देवी समेत कई लोग घायल हो गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान करीब 50 हजार रुपये मूल्य के सोने के गहने तथा लगभग 15 हजार रुपये की चांदी की सिकड़ी भी छीन ली गई।दूसरे पक्ष की ओर से नीतू देवी ने आवेदन देकर महेश साह, बैजू साह, प्रमोद शाह, विकास कुमार सहित 11 लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस आवेदन में भी मजमा लगाकर घर पर पहुंचने, मारपीट करने, घायल करने तथा लूटपाट करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने नीतू देवी के पति दीपक साह को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों आवेदन में लगभग समान आरोप लगाए गए हैं। हालांकि एक पक्ष के आवेदन में बीएनएस की धारा 109 जोड़ी गई है, जबकि दूसरे पक्ष के आवेदन में यह धारा नहीं लगाई गई है, जिसके कारण दूसरे पक्ष से अब तक गिरफ्तारी नहीं होने की बात सामने आ रही है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी दीपक साह को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच कर आगे की उचित कार्रवाई की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।