तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
पंडौल में लगातार तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने पर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। भगवतीपुर, नाहर एवं मन टोला क्षेत्र के लोगों ने प्रदर्शन कर सड़क जाम कर दिया। गर्मी में बिना बिजली के रहने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ, और विभागीय अधिकारियों पर समस्या का समाधान न करने का आरोप लगाया गया।

पंडौल। लगातार तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश रविवार को सड़क पर फूट पड़ा।
ग्रामीणों का प्रदर्शन
भगवतीपुर, नाहर एवं मन टोला क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में जर्जर तार एवं बिजली व्यवस्था की बदहाली के कारण बार-बार आपूर्ति बाधित होती है, लेकिन विभागीय अधिकारियों द्वारा समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। लोगों ने बताया कि शिकायत करने के लिए जब वे विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करते हैं तो न तो जूनियर इंजीनियर (जेई) कॉल उठाते हैं और न ही फिटर एवं अन्य कर्मी उपलब्ध रहते हैं। कई कर्मचारियों का मोबाइल फोन भी बंद रहता है।
बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों में मो. रागिब, मो. अमजद, सुलेमान आलम, संजय कुमार, विमला देवी एवं महावीर पंडित समेत अन्य लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी में बिना बिजली के रहना मुश्किल हो गया है। पेयजल संकट के साथ-साथ बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों को कई बार सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने तथा जर्जर तारों को बदलने की मांग की है। सड़क जाम के कारण कुछ समय तक आवागमन भी प्रभावित रहा। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन जारी था और बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। बाद में कुछ समाजसेवी के प्रयास से जाम हटाया गया।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


