पूजा को ले दो पक्षों में मारपीट,कई लोग घायल
बासोपट्टी। बासोपट्टी पूर्वी पंचायत के कौआहा स्थान में वट सावित्री पूजा करने को लेकर...

बासोपट्टी। बासोपट्टी पूर्वी पंचायत के कौआहा स्थान में वट सावित्री पूजा करने को लेकर गुरुवार को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों पक्षों से एक दर्जन लोग जख्मी हो गए। इनमें कई महिलाएं भी हैं। सभी घायलों को सीएचसी बासोपट्टी में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची बासोपट्टी पुलिस के कई जवानों को भी चोटें लगी हैं।
गांव में तनाव का माहौल है। एसडीओ बीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस गांव में कैम्प कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि कौआहा स्थान के एक सैरात के पोखरा के दक्षिणवारी भिंडा पर ईदगाह की चारदीवारी है। उसके करीब 50 फीट पूरब में एक बरदग का पेड़ है। पोखरा के दक्षिणवारी भिंडा पर एक पक्ष अपना हक जता रहे हैं। हालांकि, किसी के पास कोई कागजात नहीं है। गुरुवार को दूसरे पक्ष की महिलाएं वट सावित्री पूजा कर रही थी। इस पर दूसरे पक्ष के दर्जनों लोगों ने पेड़ के निकट पूजा करने से रोक दिया व विरोध करने पर मारपीट की। लोगों का कहना था कि पेड़ ईदगाह के निकट है। पूजा नहीं करने देंगे।
पिछले साल भी हुआ था विवाद : पिछले साल भी यहां पर वट सावित्री पूजा करने को लेकर विवाद हुआ था। प्रशासन ने उस समय मामले को शांत करा दिया था। दोनों पक्षों से समिति बनाकर विवाद को सुलझाया गया। विवाद के बाद इंस्पेक्टर सरवर आलम, मुखिया मदन पासवान, बीडीओ अजीत कुमार, सीओ पूजा कुमारी, थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने दोनो पक्षों के बीच बैठक आयोजित कर विवाद को सुलझाने में लगे हैं।
देखते ही देखते बढ़ा बवाल
देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लाठी-डंडे से लैस लोग गांव में रोड़ेबाजी करने लगे। इसमें फूस के घर क्षतिग्रस्त हो गये हैं। दरवाजे पर बंधी मवेशियों को भी पीटा गया। घटना के बाद इंस्पेक्टर सरवर आलम, थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार, बीडीओ अजीत कुमार, सीओ पूजा कुमारी आदि ने पुलिस बल व एसएसबी जवानों के साथ गांव में फ्लैग मार्च किया। थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने बताया कि गांव में स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस बल व एसएसबी जवानों की तैनाती की गयी है। मामले की जांच की जा रही है।
दो पक्षों से हो रही है एफआईआर की तैयारी : थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने बताया कि मामले को लेकर दोनो पक्षों से प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। तीसरी प्राथमिकी पुलिस के तरफ से भी दर्ज की गई है। इसमें दोनों पक्षों से 30 से ऊपर लोगों को नामजद किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।