अस्पताल से इलाज करा घर लौट रही महिला को वाहन ने कुचला, मौत
बिहार के झंझारपुर-मधेपुर मुख्य सड़क पर एक 60 वर्षीय महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। महिला इलाज करवाकर घर लौट रही थी। वहीं, नरहिया थाना क्षेत्र में एक अधेड़ की भी सड़क हादसे में मौत हुई। राजनगर में एक आठ वर्षीय बच्ची की तालाब में डूबने से मौत हो गई।

मो. माजिद लखनौर। झंझारपुर-मधेपुर मुख्य सड़क पर दैयाखड़वार एवं रहिका गांव के बीच सड़क हादसे में बुधवार को एक 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनौर से इलाज करवाकर अपने घर गंगापुर लौट रही थी। रहिका गांव के निकट मुख्य सड़क पर अज्ञात वाहन ने महिला को ठोकर मारकर कुचल दिया। घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई। वाहन चालक वाहन के साथ भाग गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर लखनौर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर जख्मी महिला को अपने कब्जे में ले कर स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित किया। मृतका की पहचान लखनौर थाना के गंगापुर के जीतन ठाकुर की पत्नी बुची दाय देवी के रूप में हुई है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने कहा कि पंचनामा बनाकर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में आवेदन प्राप्त होते ही एफआईआर दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई प्रारंभ कर दी जायेगी।
सड़क हादसे में अधेड़ की हुई मौत
लौकही। नरहिया थाना क्षेत्र से गुजरी एनएच 27 पर मंगलवार की रात्रि को हुई सड़क हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पहचान फुलपरास थाना के धौसहीं गांव के जय प्रकाश यादव 55 वर्ष के रुप में की गई है। यह जानकारी थानाध्यक्ष निलेश कुमार ने दी। आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन की ठोकर से वह सड़क पर मुंह के बल गिर गया और अधिक चोट लगने से उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना रात्रि के करीब पौने दस बजे हुई। सूचना के बाद पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में मृतक के परिजन के बयान के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
लापता बच्ची की तालाब से मिला शव
राजनगर, एक प्रतिनिधि। राजनगर थाना क्षेत्र के सिमरी राजाजी पोखर मुहल्ला में तालाब में डूबने से एक बच्ची की मौत हो गई। घटना बुधवार की है। मृतक नाजमीना खातून करीब आठ वर्षीय की थी। जानकारी अनुसार मो नुरूल की पुत्री नाजमीना खातून मंगलवार की शाम से गायब थी। परिवारजनों को लगा कि राजनगर बाजार स्थित मौसी के घर चली गई है। बुधवार की सुबह मो नुरूल के घर से कुछ हीं दूर दक्षिण स्थित तालाब में लोगों ने लाश को देखा। तब सभी को घटना की जानकारी हुई। सूचना पाकर पुअनि सुमन कुमार झा के नेतृत्व में 112 नं की पुलिस टीम पहुंची। फिर अन्य पुलिस कर्मी भी पहुंचे। बाद में एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। मामले में अपर थानाध्यक्ष आरती कुमारी ने बताया कि प्रथम दृष्टा जांच में गहरे पानी में डूबने से बच्ची की मौत होने की बात सामने आई है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


