बेकाबू बाइक पेड़ से टकराई, युवक की मौत व साथी गंभीर
झंझारपुर में सुखेत नहर के पास एक सड़क हादसे में 29 वर्षीय सज्जन सदाय की मौत हो गई, जबकि उसका साथी रामबाबू गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक बाइक पर झंझारपुर की ओर जा रहे थे कि उनकी बाइक एक पेड़ से टकरा गई। सज्जन की पत्नी और परिवार में शोक का माहौल है।

झंझारपुर। थाना क्षेत्र की सुखेत नहर के समीप बुधवार को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान जगदर गांव निवासी ढोलू सदाय के 29 वर्षीय पुत्र सज्जन सदाय के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान सुखेत गांव निवासी श्रीकांत सदाय के पुत्र रामबाबू सदाय के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, सज्जन सदाय अपनी शादी के बाद से ही ससुराल भंडारी पोखर (सुखेत) में रह रहा था। बुधवार को वह साथी रामबाबू के साथ किसी काम से बाइक पर सवार होकर झंझारपुर की ओर जा रहा था।
इसी दौरान सुखेत नहर के पास सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक लहूलुहान होकर गिर पड़े।लोगों की मदद से घायलों को अनुमंडल अस्पताल झंझारपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सज्जन सदाय को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामबाबू का इलाज चल रहा है। दो वर्षीय पुत्री को गोद में लेकर अस्पताल पहुंची पत्नी के रोने-बिलखने से वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। सज्जन की मौत से उसके पैतृक गांव जगदर और ससुराल दोनों जगहों पर मातम पसरा हुआ है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम अनुमंडल अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी ली गई है और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


