जसो गांव की वकील दंपती की सड़क दुर्घटना में मौत
पटना हाई कोर्ट की महिला वकील वैष्णवी सिंह और उनके पति रितिक ठाकुर की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। यह घटना किशनगंज के पास हुई, जिसमें चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। परिवार के सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम का माहौल है।

हरलाखी, एक संवाददाता । उच्च न्यायालय पटना के सीनियर वकील बासोपट्टी के जसो गांव निवासी अजय ठाकुर के पुत्र एवं पुत्रवधू के भीषण सड़क हादसे में मृत्यु होने पर इलाके में मातम का माहौल है। पटना हाई कोर्ट के महिला वकील वैष्णवी सिंह (32) एवं उनके पति रितिक ठाकुर (38) की सड़क हादसे में भयावह मौत की खबर उनके गांव पहुंचते ही लोग शोकाकुल हो गये। घटना शनिवार रात की है। मिली जानकारी के अनुसार हादसा किशनगंज से मात्र 20 किमी की दूरी पर भांगा पुल के निकट हुआ । परिवार के बेटा समेत चार लोग गंभीर रूप से जख्मी बताए जा रहे हैं।
जख्मियों का प्राथमिक उपचार चल रहा है। पटना में उनके आवास पर पति पत्नी का एक साथ शव पहुंचते ही पीड़ितों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगना शुरू हो गया है। उनके गांव से भी दर्जनों लोग घटना की खबर सुनते ही पटना के लिए रवाना हो गये। क्रिमिनल वकील अजय ठाकुर की बहू वैष्णवी सिंह भी वकील थी। परिवार सिलीगुड़ी से अपनी फॉच्र्यूनर गाड़ी से पटना लौट रहे थे। घटना के समय वैष्णवी सिंह, उनके पति रितिक ठाकुर, छोटा बेटा, देवर, घर की नौकरानी और ड्राईवर समेत कुल छह लोग गाड़ी में सवार थे। तभी गुंजरिया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने गाड़ी को ठोकर मार दी। जिससे फॉच्र्यूनर गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस दर्दनाक घटना से उनके पैतृक गांव जसो में रविवार को कई घरों में चूल्हे नहीं जले।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


