साली की शादी से लौट रहे युवक की मौत, गांव में पसरा मातम
झंझारपुर/अंधराठाढ़ी में अड़रिया ओवरब्रिज के पास एनएच-27 पर अज्ञात वाहन की ठोकर से 30 वर्षीय सुनील पासवान की मौत हो गई। वह अपनी साली की शादी से लौट रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवार में शोक का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

झंझारपुर/अंधराठाढ़ी। अड़रिया संग्राम थाना क्षेत्र के अड़रिया ओवरब्रिज के पास एनएच-27 पर अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के शिवा रामपुर गांव निवासी सुनील पासवान (30) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार सुनील पासवान गुरुवार की देर शाम मधेपुर के टारडीहा गांव में अपनी साली की शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अररिया संग्राम में ओवरब्रिज के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाइक और मृतक का शव दोनों लावारिस अवस्था में सड़क पर पड़ा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अड़रिया संग्राम थानाध्यक्ष आयुष कुमार झा ने बताया कि अब तक परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, इसलिए प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ठोकर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। इधर अंधराठाढ़ी के शिवा गांव में शव पहुंचते ही मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। उसके परिवार में पत्नी और तीन साल की एक पुत्री है। वह खेती-बारी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना में शामिल वाहन की शीघ्र पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


