बेकाबू वाहन ने अधेड़ को कुचला, विरोध में एनएच जाम
एकारी गांव में तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से 45 वर्षीय शंकर साह की मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया और आगजनी की। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

शत्रुमर्दन कुमार दीपक मधवापुर। प्रखंड के एकारी गांव में शनिवार रात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 527 सी को जाम कर प्रदर्शन किया। मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर आगजनी की गई, जिससे यातायात घंटों बाधित रहा।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान मधवापुर थाना क्षेत्र के पिरोखर कायस्थ टोल निवासी महेंद्र साह के पुत्र शंकर साह (45) के रूप में हुई है। हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे के बाद हुआ, जब एनएच पर अज्ञात वाहन ने शंकर को ठोकर मार दी। शंकर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों का प्रदर्शन
दुर्घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकारी गांव के पास सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर बीच सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर प्रभारी थानाध्यक्ष निशु कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम हटवाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित परिवार को दुर्घटना के संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रश्नोत्तरी
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


