ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार मधुबनीबीडीओ के आश्वासन पर खत्म हुआ अनशन

बीडीओ के आश्वासन पर खत्म हुआ अनशन

मधवापुर अंचल कार्यालय पर बड़ी मशक्कत के बाद बीडीओ वैभव कुमार ने दूसरे दिन अनशन खत्म कराया। बाढ़ पीड़ितों को राहत देने में भ्रष्टाचार करने और अंचल कार्यालय से अक्सर गायब रहने के खिलाफ मधवापुर अंचल...

बीडीओ के आश्वासन पर खत्म हुआ अनशन
हिन्दुस्तान टीम,मधुबनीWed, 21 Aug 2019 03:50 PM
ऐप पर पढ़ें

मधवापुर अंचल कार्यालय पर बड़ी मशक्कत के बाद बीडीओ वैभव कुमार ने दूसरे दिन अनशन खत्म कराया। बाढ़ पीड़ितों को राहत देने में भ्रष्टाचार करने और अंचल कार्यालय से अक्सर गायब रहने के खिलाफ मधवापुर अंचल कार्यालय पर तीन लोगों ने आमरण अनशन सोमवार को शुरू किया था। बिहारी के मुखिया लक्षणदेव मंडल, सीपीआई जिला परिषद सदस्य रतीश झा और खेत मजदूर यूनियन के अध्यक्ष भोगी पासवान ने अनशन शुरू किया था। सभी 13 पंचायतों के वास्तविक बाढ़ पीड़ितों को 15 दिनों में सरकारी सहायता दी जा सके, इसके लिए पारदर्शी सूची बनाने की बात तय हुई। बीडीओ के साथ प्रतिनिधि मंडल की हुई वार्ता में निर्णय लिया गया कि पांच सदस्यीय टीम बना कर उसे पीड़ितों की सूची बनाने के लिए अधिकृत किया जाय। इसके लिए पूर्व विधायक रामनरेश पाण्डेय ने अनशनकारी सहित तरैया के पूर्व मुखिया हरेराम ठाकुर व सीपीआई अंचल मंत्री बालकृष्ण मंडल के नाम का प्रस्ताव कमेटी बनाने के लिए दिया। जिसे वहां मौजूद लोगों ने समर्थन किया। सीओ को अनशन स्थल पर वार्ता के लिए नहीं पहुंचने की हठधर्मिता की लोगों ने निंदा की। पूर्व विधायक रामनरेश पांडेय ने मधवापुर में बाढ़ का तात्कालिक समाधान और स्थाई निदान विषय पर विचारों रखे। उन्होंने कहा कि सभी बाढ़ पीड़ितों और शौचालय निर्माणकर्ताओं के खाते में बिना देर किए राशि नहीं डाली गई तो लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन शुरू होगा। मुखिया लक्षणदेव मंडल ने कहा कि महीनों पहले से सीओ से आग्रह किया गया था। रामलक्षण मिश्र, सुरेंद्र मिश्र, मो. अताउल, दिनेश पासवान, हरेराम ठाकुर सहित दर्जनों लोगों ने सभा को संबोधित किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें