झंझारपुर-निर्मली और लौकहा रेलखंड की बदलेगी सूरत
झंझारपुर। झंझारपुर-निर्मली-लौकहा रेलखंड से जुड़े रेल यात्रियों की सुविधा और बुनियादी ढांचे को मजबूत

झंझारपुर। झंझारपुर-निर्मली-लौकहा रेलखंड से जुड़े रेल यात्रियों की सुविधा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए रेल विभाग ने कई बड़ी विकास योजनाओं को मंजूरी दी है। सूत्रों के अनुसार, इन नई परियोजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे झंझारपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में रेल परिचालन की सूरत बदल जाएगी। इस विकास कार्य से न केवल यात्रियों का सफर आसान होगा, बल्कि क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहना रोड - झंझारपुर के मध्य समपार संख्या 52 पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराया जाएगा। जिसपर 47.90 करोड़ रुपये खर्च होंगे। साथ ही झंझारपुर-महरैल खंड के एलसी 06 पर लो कास्ट आरओबी के निर्माण के लिए 6.9 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
क्षेत्र के लोगों की पुरानी मांग को देखते हुए तमुरिया-घोघरडीहा के मध्य नेमुआ हाल्ट के समीप 6.5 करोड़ रुपये की लागत से अंडरपास का निर्माण भी किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों के कायाकल्प की भी तैयारी है। इसके तहत झंझारपुर, तमुरिया, खुटौना, महरैल एवं घोगरडीहा स्टेशन के स्टेशन एप्रोच रोड का चौड़ीकरण किया जाएगा, जिसपर कुल 8.33 करोड़ रुपये की लागत आएगी। वहीं, सकरी - निर्मली खंड के एलएचएस संख्या 54, 55, 56 पर 7.1 करोड़ रुपये की लागत से कवर्ड शेड का निर्माण कराया जाएगा ताकि यात्रियों को धूप और बरसात में परेशान न होना पड़े। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए झंझारपुर स्टेशन के रि-डेवलपमेंट के लिए 22 लाख रुपये की लागत से टेक्नो इकोनॉमिक फिजिबिलिटी स्टडी कराई जा रही है। इसके अलावा, झंझारपुर स्टेशन के सौंदर्यकरण और राष्ट्रीय गौरव को बढ़ावा देने के लिए परिसर में 100 फीट ऊंचा स्मारिका ध्वज लगाने का भी प्रावधान किया गया है, जिसपर 11 लाख रुपये खर्च होंगे। इन सभी योजनाओं के धरातल पर उतरने के बाद यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचना बेहद सुगम हो जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


