नाबालिग की खुदकुशी मामले में तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
झंझारपुर में 16 वर्षीय किशोरी ने आत्महत्या कर ली। उसके पिता की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। मुख्य आरोपी प्रवीण कुमार ने किशोरी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कीं, जिससे परेशान...

झंझारपुर,निज संवाददाता। मधेपुर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी की आत्महत्या के बाद उसके पिता के आवेदन पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में मुख्य आरोपी प्रवीण कुमार और उसके दो साथी अनिल कुमार महतो व अनिल कुमार को बनाया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है और जल्द ही उन्हें पकड़ने का दावा किया है। प्राथमिकी के अनुसार, किशोरी पिछले एक साल से प्रवीण कुमार से बातचीत करती थी। इस दौरान प्रवीण ने उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए थे।
जब पिता को इस रिश्ते की जानकारी हुई और उन्होंने अपनी बेटी को रोका, तो प्रवीण ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करना शुरू कर दिया। इस उत्पीड़न से परेशान होकर किशोरी ने बुधवार को जहरीली दवा खाकर अपनी जान दे दी। थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के सामने पेश किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




