Hindi NewsBihar NewsMadhubani NewsTeachers in Madhubani Face Transfer Delays Despite Guidelines
जिला स्तर पर स्थानांतरण निर्णय लंबित रहने से सैकड़ों शिक्षक परेशान

जिला स्तर पर स्थानांतरण निर्णय लंबित रहने से सैकड़ों शिक्षक परेशान

संक्षेप:

मधुबनी में शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों के स्थानांतरण से जुड़ी शिकायतों के निष्पादन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन जिले में उनका अनुपालन नहीं हो रहा है। इससे सैकड़ों शिक्षक 40-50 किलोमीटर दूर विद्यालयों में कार्य करने को मजबूर हैं। लगभग 700 शिक्षक अभी भी अपनी शिकायतों के निवारण की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

Jan 07, 2026 09:04 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मधुबनी
share Share
Follow Us on

मधुबनी, निज संवाददाता। शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों के जिला स्तर पर स्थानांतरण से जुड़ी शिकायतों के निष्पादन को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाने के बावजूद जिले में इन आदेशों का प्रभावी अनुपालन नहीं हो पा रहा है। इसका सीधा असर सैकड़ों शिक्षकों पर पड़ रहा है, जो आज भी अपने गृह प्रखंड या समीपवर्ती विद्यालय के बजाय 40 से 50 किलोमीटर या अधिक दूर विद्यालयों में सेवा देने को मजबूर हैं। अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग द्वारा 05 अगस्त 2025 को जारी पत्र में यह स्पष्ट किया गया था कि जिला के अंदर स्थानांतरण एवं पदस्थापन से जुड़ी शिकायतों का निष्पादन डीएम की अध्यक्षता में गठित जिला स्थापना समिति द्वारा किया जाएगा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसके बावजूद जिले में न तो नियमित रूप से समिति की बैठक हो रही है और न ही ई-शिक्षाकोष पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन किया जा रहा है। जिले में करीब 1200 से अधिक शिक्षकों ने विशेष समस्या के आधार पर जिला के अंदर स्थानांतरण के लिए आवेदन किया था। इनमें से लगभग 700 शिक्षक ऐसे हैं, जिनकी शिकायतें अब भी ई-शिक्षाकोष पर लंबित हैं। इनमें बड़ी संख्या महिला शिक्षकों और गंभीर पारिवारिक परिस्थितियों से जूझ रहे शिक्षकों की भी है। कई शिक्षक प्रतिदिन 50 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी तय कर विद्यालय पहुंचने को मजबूर हैं। इससे न केवल उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति प्रभावित हो रही है,बल्कि विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। शिक्षकों का कहना है कि जब विभाग ने जिला स्तर पर समाधान की व्यवस्था कर दी है, तो फिर जिला प्रशासन की ओर से इस दिशा में ठोस पहल क्यों नहीं की जा रही है। शिक्षक शंभू साह ने बताया कि जब नियम बन चुका है और समिति गठित करने का स्पष्ट प्रावधान है, तो फिर स्थानांतरण प्रक्रिया को लटकाना शिक्षकों के साथ अन्याय है। वहीं कई शिक्षक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। शिक्षिका तब्बसुम खातून, रैना खातून, मंजित कुमार और अन्य ने बताया कि जिले की लचर व्यवस्था के कारण ही स्थानांतरण का मामला लंबित है। डीईओ अक्षय कुमार पांडेय ने बताया कि जिलास्तरीय स्थानांतरण को लेकर उच्चाधिकारी के आदेश के अनुसार कार्रवाई होगी। संभावना है कि इसके लिए शीघ्र ही पहल होगी। जिले में स्थानांतरित होने वाले शिक्षकों का आंकड़ा मधुबनी जिले में कुल शिक्षक : लगभग 9,500 विशेष स्थानांतरण के लिए आवेदन करने वाले शिक्षक: 1200 ई-शिक्षाकोष पर लंबित शिकायतें: 700 के करीब 40 से 50 किमी से अधिक दूरी पर पदस्थापित शिक्षक: 450