भीठ-भगवानपुर गांव में संदिग्ध अवस्था में नवविवाहिता की मौत
मधेपुर के भीठ-भगवानपुर में 20 वर्षीय नवविवाहिता आरती कुमारी की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। परिजनों ने उसे बीमार हालत में डीएमसीएच में भर्ती कराया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। पति ने बताया कि वह नदी में कपड़ा धोने गई थी और पानी पीने के बाद बीमार पड़ गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मधेपुर, निज संवाददाता। मधेपुर थाने के भीठ-भगवानपुर के रहिका-नवटोलिया में संदिग्ध अवस्था में 20 वर्षीय एक नवविवाहिता की मौत हो गई। मृतका भीठ-भगवानपुर नवटोलिया वार्ड तीन के अजय कुमार मुखिया की पत्नी आरती कुमारी बतायी गई हैं। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात बीमार अवस्था में परिजन उन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच ले गए। जहां बुधवार अहले सुबह आरती की मौत हो गई। डीएमसीएच में बेंता थाने की पुलिस के समक्ष मृतका के पति अजय कुमार मुखिया ने फ़र्दबयान दिया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि उनकी पत्नी कमला बलान नदी में कपड़ा धोने मंगलवार शाम गई थी। जहां उन्हें प्यास लगी और वो पानी पी ली।
जिसके बाद आरती बीमार पड़ गई। पहले उसका इलाज दरभंगा जिला के बेनीपुर स्थित एक निजी अस्पताल में चला। जहां से डीएमसीएच रेफर किया गया। फिर पोस्टमार्टम के बाद शव गांव भीठ-भगवानपुर नवटोलिया लाया गया। जहां परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मधेपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विश्वजीत कुमार पुलिस बलों के साथ भीठ-भगवानपुर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि बेंता पुलिस द्वारा ली गई फर्दबयान मिली है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष के द्वारा आवेदन अभी तक नहीं मिला है। बेता पुलिस के समक्ष मृतका के पति द्वारा दी गई फर्दबयान पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चलेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


