झंझारपुर होकर आनंद विहार के लिए आज से पूर्णिया और सहरसा से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
रेलवे ने मिथिलांचल और कोसी क्षेत्र के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर दी है। सुपौल, निर्मली, झंझारपुर और सकरी के रास्ते दिल्ली के लिए विशेष ट्रेनों का परिचालन 26 अप्रैल से शुरू होगा। ये ट्रेनें सप्ताह में दो बार चलेंगी, जिससे यात्रियों को गर्मियों में राहत मिलेगी।

धर्मेंद्र नारायण झा झंझारपुर,निज संवाददाता। मिथिलांचल और कोसी क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने यात्रियों की भारी भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए सुपौल, निर्मली, झंझारपुर और सकरी के रास्ते दिल्ली के लिए विशेष ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। यह सेवाएं पूर्णिया कोर्ट से आनंद विहार और सहरसा से आनंद विहार के बीच संचालित की जाएंगी। आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, गाड़ी संख्या 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल 26 अप्रैल से 14 जुलाई के बीच प्रत्येक शुक्रवार और रविवार को चलेगी। यह ट्रेन पूर्णिया कोर्ट से शाम 16:30 बजे प्रस्थान कर बनमनखी और मधेपुरा होते हुए शाम 19:40 बजे सहरसा पहुंचना सुनिश्चित करेगी।
वहां से दरभंगा और सीतामढ़ी के रास्ते अगले दिन दोपहर 01:05 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05580 रविवार और मंगलवार को संचालित होगी। वहीं, सहरसा-आनंद विहार स्पेशल (05575) 28 अप्रैल से 16 जुलाई तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 05576 प्रत्येक गुरुवार को आनंद विहार से खुलेगी।इस बार परिचालन में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव सरायगढ़ स्टेशन को लेकर किया गया है। समय की बचत के लिए ये ट्रेनें सरायगढ़ मुख्य स्टेशन न जाकर सरायगढ़ बायपास स्थित 'न्यू झाझा' होकर गुजरेंगी।इन ट्रेनों में आधुनिक एलएचबी रैक का उपयोग होगा, जिसमें स्लीपर और एसी इकोनॉमी सहित कुल 22 कोच होंगे।यह ट्रेनें सुपौल, निर्मली, झंझारपुर, सकरी, दरभंगा, नरकटियागंज, गोरखपुर और मुरादाबाद के रास्ते चलेंगी। इस पहल से कोसी और मिथिलांचल के यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए सीधा और सुलभ विकल्प मिलेगा, जिससे गर्मियों की छुट्टियों में होने वाली भीड़ से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


