युद्ध क्षेत्र में फंसे मधुबनी के सैकड़ों लोग, दहशत में डूबे परिवार

Feb 28, 2026 09:44 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मधुबनी
share

पंडौल (मधुबनी) में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच युद्ध के संकट के कारण सैकड़ों परिवारों की नींद उड़ गई है। खाड़ी देशों में रह रहे प्रवासी युवा युद्ध की स्थिति के कारण चिंतित हैं। कई लोग ईद पर घर लौटने की उम्मीद में थे, लेकिन हवाई उड़ानों की अनिश्चितता ने उनकी वापसी को मुश्किल बना दिया है।

युद्ध क्षेत्र में फंसे मधुबनी के सैकड़ों लोग, दहशत में डूबे परिवार

पंडौल (मधुबनी) । अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच गहराते युद्ध के संकट से पश्चिम एशिया में रोजगार के लिए गए मधुबनी के सैकड़ों परिवारों की रातों की नींद उड़ गई है। खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और ताबड़तोड़ हमलों से पंडौल प्रखंड के सकरी, भगवतीपुर, सरिसबपाही और शाहपुर जैसे गांवों में दहशत का माहौल है। इन इलाकों के सैकड़ों युवा दुबई, सऊदी अरब और कुवैत में रहकर आजीविका कमाते हैं। इनकी सुरक्षा को लेकर अब परिजन चिंतित हैं। सकरी निवासी अब्दुल कलीम दुबई में प्लंबर का काम करते हैं। उनके भाई ने बताया कि टीवी पर ईरान की धमकियां और युद्ध की खबरें देखकर पूरा परिवार सहमा हुआ है।

फोन पर बात होने पर कलीम ने भी वहां के डरे हुए हालात की जानकारी दी है। सऊदी अरब में काम कर रहे मो. शहजाद और कुवैत में कार्यरत इरफान जैसे दर्जनों प्रवासियों के घरों में केवल सलामती की दुआएं मांगी जा रही हैं। ईद की खुशियां और वापसी की उम्मीदों पर संकट युद्ध और तनावपूर्ण स्थिति के कारण उड़ानें कैंसिल किए जाने के बाद कई प्रवासियों की घर वापसी मुश्किल हो गई है। कई लोग इस बार ईद पर घर लौटने वाले थे लेकिन हवाई अड्डों की अनिश्चित स्थिति और उड़ानों के रद्द होने से उनकी वापसी पर संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय निवासी रामविलास यादव ने बताया कि मिथिला क्षेत्र से हजारों लोग खाड़ी देशों में काम करते हैं। अगर युद्ध और भड़का तो हजारों परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से बर्बाद हो जाएंगे। ग्रामीणों ने सरकार से विशेष विमान भेजकर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित लाने की गुहार लगाई है। युद्ध के हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस मामले में सरकार की ओर से जो भी दिशा-निर्देश प्राप्त होंगे, उन पर तुरंत अमल किया जाएगा और प्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। -आनंद शर्मा, डीएम, मधुबनी

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।