
बदहाल नालों पर स्लैब नहीं, गंदगी और जलजमाव ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
मधुबनी के गिलेशन दुर्गा मंदिर मोहल्ले के निवासियों ने नाले की खराब स्थिति, पार्किंग की कमी और सार्वजनिक यूरिनल न होने की समस्या को लेकर नगर निगम से सुधार की मांग की है। सालों भर जलजमाव और गंदगी के...
मधुबनी । गिलेशन दुर्गा मंदिर मोहल्ले के मोनू कुमार, अशोक नायक, अमरेन्द्र मंडल, रवि राउत, परमेश्वर, शिव कुमार साह, गणेश दास , राम साह, गणेश कुमार ने बताया कि मोहल्ले में नाला की स्थिति बहुत खराब है। जो नाला है वह आधा अधूरा है। अधिकांश नाला पर ढक्कन नहीं है। इस वजह से सड़कों पर पानी बहते रहता है। कुछ मोहल्लों में नल जल योजना नहीं चालू हुआ। मोहल्ले में सड़कों पर गंदगी का अंबार है। नाला पर ढक्कन नहीं रहने व सालोंभर जलजमाव के कारण मोहल्ले के लोगों को मलेरिया एवं डेंगू का डर बना रहता है। मोहल्ले में पार्किंग, पेयजल एवं सार्वजनिक यूरिनल की सुविधा नहीं रहने से लोगों को परेशानी होती है।
नगर निगम की ओर से पार्किंग के लिए जगह उपलब्ध नहीं कराये जाने से बहुत परेशानी होती है। सबसे खराब स्थिति गिलेशन दुर्गा मंदिर मोहल्ले की है। नाला पर लोगों ने खुद से ढक्कन बनाकर या फिर बांस का चचरी बनाकर डाल दिया है, ताकि घर व दुकान से निकल सके। मुख्य सड़क पर जाम से परेशान रहते हैं लोग : मोहल्ला से निकलने पर मुख्य सड़क गिलेशन दुर्गामंदिर के समीप जाम से लोग परेशान रहते हैं। पार्किंग की सुविधा नहीं रहने से मुख्य सड़क पर लोग गाड़ी लगा देते हैं। इससे वहां पर बराबर जाम लगता है। इससे मोहल्ले के लोगों को परेशानी होती है। उधर गिलेशन बाजार, बाटा चौक, सुभाष चौक रोड में भी बराबर जाम लगता है। इससे भी मोहल्ले के लोगों को परेशानी होती है। मोहल्ले में नहीं है सार्वजनिक यूरिनल: गिलेशन दुर्गा मंदिर मोहल्ला में एक भी सार्वजनिक यूरिनल नहीं है। इससे मोहल्ले के लोगों को अधिक परेशानी होती है। दूर दराज से बाजार करने आयी महिलाओं को यूरिनल के लिए सबसे अधिक परेशानी होती है। जबकि गिलेशन बाजार, लोहापट्टी बाजार से खरीदारी के बाद लोग इसी दुर्गा मंदिर रोड होकर निकलते हैं। नगर निगम की ओर इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। महानगरों की तरह हो गिलेशन दुर्गा मंदिर मोहल्ले का सौंदर्यीकरण: गिलेशन दुर्गा मंदिर मोहल्ला के लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों से मोहल्ले को महानगरों की तरह सौंदर्यीकरण करने की मांग की है। मोहल्ले के मोनू कुमार, अशोक नायक, अमरेंद्र मंडल, रवि राउत,परमेश्वर ने बताया कि मोहल्ले में एक भी पार्क नहीं है। इससे लोगों को परेशानी होती है। अगर मोहल्ले में एक सुंदर पार्क बना दिया जाय जिसमें रंग-बिरंगे फूल और फव्वारा लगा दिया जाय तो यहां लोगो की भीड़ सुबह और शाम बढ़ेगी। बच्चे और बुजुर्गों को सुविधा होगी। मोहल्ले में सड़क के बीच में नाला बन जाने पर जल जमाव की समस्या दूर होगी। मोहल्ले में कचरा निस्तारण को नगर निगम को पहल करनी चाहिए। नगर निगम को गिलेशन दुर्गा मंदिर मोहल्ला को सुंदर बनाना चाहिए, ताकि दूर दूर से लोग इस मोहल्ला को देखने पहुंचे। यहां नगर निगम की ओर से पार्क, नलजल, नाला और अच्छी सड़क की व्यवस्था कर दिया जाय तो मोहल्ले की सुंदरता बढ़ जाएगी। सुभाष चौक रोड में मुख्य सड़क से बिजली पोल को हटाया जाए। इससे यातायात में सुविधा होगी। ------------बोले जिम्मेदार---------- गिलेशन दुर्गा मंदिर एवं उसके आसपास में सफाई नियमित रूप से करायी जाती है। लोगों की समस्या को लेकर नगर निगम संवेदनशील है। मोहल्ले की समस्याओं के निदान का हर संभाव प्रयास किया जाएगा। -अनिल कुमार चौधरी , नगर आयुक्त, मधुबनी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




