सकरी-फारबिसगंज रेल लाइन के दोहरीकरण का सर्वे शुरू
पूर्व मध्य रेल ने मिथिलांचल और कोसी क्षेत्र के लिए सकरी-फारबिसगंज रेल लाइन के दोहरीकरण का सर्वे कार्य शुरू किया है। इससे क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था में सुधार होगा और ट्रेनें समय पर चलेंगी। इस परियोजना के लागू होने से स्थानीय व्यापार और कृषि उत्पादों की आवाजाही में वृद्धि होगी।

झंझारपुर। पूर्व मध्य रेल ने वित्त वर्ष 2026-27 के परियोजना सर्वे के तहत मिथिलांचल और कोसी क्षेत्र के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण कदम उठाया है। क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से सकरी-फारबिसगंज रेल लाइन (129 किमी) के दोहरीकरण का सर्वे कार्य आधिकारिक तौर पर शुरू कर दिया गया है। रेलवे के इस निर्णय से न केवल परिचालन क्षमता में विस्तार होगा, बल्कि उत्तर बिहार के एक बड़े हिस्से में परिवहन व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन होने के आसार हैं। वर्तमान में सिंगल लाइन होने के कारण इस रूट पर ट्रेनों का दबाव अधिक रहता है, जिससे अक्सर ट्रेनें घंटों लेट होती हैं।
दोहरीकरण परियोजना के पूरा होने के बाद ट्रेनों के परिचालन में सुगमता आएगी और क्रॉसिंग के लिए ट्रेनों को स्टेशनों पर खड़ा नहीं रहना पड़ेगा। इससे यात्रियों के समय की बचत होगी और रेल यातायात अधिक विश्वसनीय बनेगा।रेल मंत्रालय ने इस रेल खंड के 'फाइनल लोकेशन सर्वे' के लिए लगभग 3.09 करोड़ से 3.90 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। यह पूरा रेल खंड 129 किलोमीटर लंबा है, जो सकरी, झंझारपुर, निर्मली और फारबिसगंज को आपस में जोड़ता है। इस रूट के दोहरीकरण और सुदृढ़ीकरण के बाद इस खंड पर वंदे भारत या राजधानी जैसी प्रीमियम ट्रेनों के परिचालन का रास्ता भी साफ हो जाएगा।विकास और कनेक्टिविटी का नया अध्यायरेलवे के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस रेल खंड का विस्तार मिथिलांचल, कोसी और सीमांचल क्षेत्र के बीच सीधा और तेज संपर्क स्थापित करेगा। इस प्रोजेक्ट के लागू होने से सीमावर्ती क्षेत्रों तक पहुंचना अब पहले से कहीं अधिक आसान और सुगम हो जाएगा। बुनियादी ढांचे के विकास के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। बेहतर परिवहन व्यवस्था से स्थानीय व्यापार और कृषि उत्पादों की आवाजाही को गति मिलेगी। रेलवे विभाग इस सर्वे को समय सीमा के भीतर पूरा करने की तैयारी में है, ताकि आगे की निर्माण प्रक्रिया को जल्द शुरू किया जा सके। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया है। साथ ही यह प्रोजेक्ट मिथिलांचल और सीमांचल के बीच एक लाइफलाइन की तरह काम करेगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।छह अप्रैल से प्रतिदिन चलेगी आनन्द विहार ट्रेन : सांसद लौकही। लौकहा से दिल्ली तक चलने वाली होली स्पेशल आनन्द विहार ट्रेन अब छह अप्रैल से प्रतिदिन चलेगी। यह जानकारी झंझारपुर के सांसद रामप्रीत मंडल ने दी। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन को होली पर्व को लेकर रेल मंत्रालय द्वारा चलाया गया था। इसे दो अप्रैल तक स्टेंसन किया गया था। इधर स्थानीय लोगों ने इसे नियमित रूप से परिचालन कराने की मांग की। हिन्दुस्तान दैनिक अखबार ने भी इसे दो अप्रैल के अंक में प्रकाशित किया। क्षेत्रीय सांसद ने भी रेल मंत्री को इस मामले में पत्र लिखकर इसके परिचालन बंद होने से होने वाली असुविधाओं पर मंत्रालय का ध्यान आकृष्ट कराया। फिर इसे तत्काल नियमित कर दिया गया है। आनन्द विहार के परिचालन को तत्काल नियमित संचालन करने की खबर से इलाके के लोगों ने प्रसन्नता जताते हुए सांसद को बधाई दी है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


